दो दिन बाद फिर शुरू विधानसभा, आज जनहित मुद्दों पर सरकार को घेरेगा विपक्ष
दो दिन के अवकाश के बाद राजस्थान विधानसभा में आज कार्यवाही शुरू, बजट बहस और जनहित मुद्दों पर घमासान तय
दो दिनों के अवकाश के बाद सोमवार को राजस्थान विधानसभा की कार्यवाही एक बार फिर शुरू हो रही है। सुबह 11 बजे प्रश्नकाल के साथ सदन की कार्यवाही का आगाज होगा। आज के सत्र में विपक्ष सरकार को विभिन्न जनहित से जुड़े मुद्दों पर घेरने की पूरी तैयारी में नजर आ रहा है। आज के प्रश्नकाल में कुल 47 प्रश्न सूचीबद्ध किए गए हैं। इनमें 23 तारांकित और 24 अतारांकित प्रश्न शामिल हैं। कृषि, उद्योग, शिक्षा, सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता, राजस्व, सहकारिता और ऊर्जा विभाग से जुड़े सवालों पर सरकार से जवाब मांगा जाएगा। माना जा रहा है कि इन सवालों के जरिए विपक्ष आम जनता से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाएगा।
सदन में आज ध्यानाकर्षण प्रस्तावों के माध्यम से भी सरकार का ध्यान अहम मुद्दों की ओर खींचा जाएगा। विधायक संदीप शर्मा द्वारा कोटा शहर के दौलतगंज, रंगबाड़ी और काला तालाब क्षेत्र को संरक्षित और पुनर्जीवित करने का मुद्दा उठाया जाएगा। वहीं विधायक ललित यादव खैरथल–तिजारा जिले में मुंडावर पंचायत समिति के ग्राम सोरखा कलां में वर्ष 2020 से जनवरी 2026 के बीच कराए गए विकास कार्यों में कथित अनियमितताओं का मामला सदन में रखेंगे।
आज बजट पर चर्चा का तीसरा दिन है। सत्ता पक्ष और विपक्ष के बीच तीखी बहस होने की पूरी संभावना है। विपक्ष बजट में कमियां गिनाने और जनहित से जुड़े सवाल उठाने की कोशिश करेगा, जबकि सत्ता पक्ष अपनी योजनाओं और उपलब्धियों को सामने रखेगा। सरकार की ओर से बजट पर अंतिम जवाब मंगलवार को दिया जाना प्रस्तावित है। सदन में आज कई जनहित याचिकाएं भी पेश की जाएंगी। इनमें कोटा के बोरखेड़ा क्षेत्र में कच्चे नालों को पक्का करने, बगरू में कनिष्ठ अभियंता कार्यालय को सहायक अभियंता कार्यालय में क्रमोन्नत करने, सिवाना में इनडोर स्टेडियम निर्माण, आहोर में ड्रेनेज व्यवस्था सुधार और शिव क्षेत्र के ग्राम सोलंकिया में पेयजल समस्या जैसे मुद्दे शामिल हैं।