जल जीवन मिशन घोटाला: ACB की बड़ी रेड, रिटायर्ड IAS सुबोध अग्रवाल घेरे में
राजस्थान के 900 करोड़ के जल जीवन मिशन घोटाले में ACB की बड़ी कार्रवाई, कई राज्यों में छापेमारी।
राजस्थान के बहुचर्चित 900 करोड़ रुपये के जल जीवन मिशन घोटाले में भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो ने बड़ी कार्रवाई करते हुए मंगलवार सुबह प्रदेशव्यापी छापेमारी की। इस कार्रवाई से प्रशासनिक और ठेकेदार लॉबी में हड़कंप मच गया है। भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (ACB) ने इस मामले में सख्त रुख अपनाते हुए एक साथ कई जगह दबिश दी। DIG रामेश्वर सिंह के नेतृत्व में गठित विशेष जांच टीम (SIT) ने जयपुर, दिल्ली, बाड़मेर, सीकर, जालौर के साथ-साथ बिहार और झारखंड में कुल 15 से अधिक ठिकानों पर छापेमारी की। अधिकारियों का कहना है कि इस कार्रवाई का उद्देश्य घोटाले की जड़ों तक पहुंचना है।
इस छापेमारी का केंद्र पूर्व अतिरिक्त मुख्य सचिव और रिटायर्ड IAS सुबोध अग्रवाल से जुड़े ठिकाने रहे। माना जा रहा है कि जल जीवन मिशन के दौरान हुए कथित फर्जीवाड़े की कड़ियां उच्च प्रशासनिक स्तर तक जाती हैं। सुबह-सुबह ACB की टीमों ने संदिग्ध आवासों और कार्यालयों को घेरकर दस्तावेजों की गहन जांच शुरू की। ACB ने इस कार्रवाई के दौरान 9 लोगों को हिरासत में लिया है। इनमें केडी गुप्ता, सुशील शर्मा, डीके गौड़, महेंद्र सोनी, विशाल सक्सेना, दिनेश गोयल, शुभांशु दीक्षित, अरुण श्रीवास्तव और निरिल कुमार शामिल हैं। इन सभी से अज्ञात स्थानों पर पूछताछ की जा रही है। जांच एजेंसियों को उम्मीद है कि पूछताछ से कई अहम खुलासे हो सकते हैं।
इससे पहले ACB ने लोक स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग (PHED) के तीन अधिकारियों के खिलाफ FIR दर्ज की थी। आरोप है कि फर्जी दस्तावेजों और अनुभव प्रमाण पत्रों के जरिए चहेती कंपनियों को करोड़ों के ठेके दिए गए। नामजद अधिकारियों में तत्कालीन मुख्य अभियंता दिनेश गोयल, सेवानिवृत्त अधीक्षण अभियंता महेंद्र प्रकाश सोनी और अधिशासी अभियंता सिद्धार्थ टांक शामिल हैं।
जल जीवन मिशन के तहत ‘हर घर जल’ योजना में ग्रामीण क्षेत्रों में नल कनेक्शन देने के नाम पर 900 करोड़ रुपये से ज्यादा की कथित हेराफेरी सामने आई है। जांच में पता चला कि ठेकेदारों और अधिकारियों की मिलीभगत से घटिया सामग्री का उपयोग किया गया और बिना काम किए भुगतान उठा लिए गए। इस घोटाले की गंभीरता को देखते हुए ACB के साथ प्रवर्तन निदेशालय (ED) भी लगातार छापेमारी और जांच कर रही है।