टोडाभीम में गोलमा देवी का बयान वायरल, किरोड़ी लाल मीणा “बाबा नहीं, फूफा”

टोडाभीम प्रीमियर लीग के मंच से गोलमा देवी ने किरोड़ी लाल मीणा को लेकर दिया बयान, वीडियो वायरल

Dec 22, 2025 - 11:38
टोडाभीम में गोलमा देवी का बयान वायरल, किरोड़ी लाल मीणा  “बाबा नहीं, फूफा”

करौली जिले के टोडाभीम में आयोजित टोडाभीम प्रीमियर लीग क्रिकेट महोत्सव का उद्घाटन समारोह उस समय चर्चा का विषय बन गया, जब मंच से पूर्व मंत्री और कैबिनेट मंत्री डॉ. किरोड़ी लाल मीणा की पत्नी गोलमा देवी मीणा का एक बयान सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया। कार्यक्रम के दौरान गोलमा देवी ने डॉ. किरोड़ी लाल मीणा को लेकर कहा कि वे टोडाभीम के “बाबा” नहीं बल्कि “फूफा” हैं। उन्होंने यह भी कहा कि फूफा उसी दिन आएंगे, जिस दिन प्रतियोगिता का फाइनल मुकाबला होगा और उसी दिन डॉ. किरोड़ी लाल मीणा टोडाभीम पहुंचेंगे। यह बयान 21 दिसंबर 2025, रविवार का बताया जा रहा है।

टोडाभीम में बड़ी संख्या में लोग डॉ. किरोड़ी लाल मीणा को सम्मानपूर्वक “बाबा” कहकर पुकारते हैं। इस संदर्भ में गोलमा देवी ने स्पष्ट किया कि टोडाभीम उनका मायका है, इसलिए यहां वे बाबा नहीं बल्कि फूफा कहलाते हैं। अपने संबोधन में गोलमा देवी ने कहा कि वे भूतपूर्व मंत्री रह चुकी हैं और उद्घाटन समारोह में उन्हें आयोजकों ने आमंत्रित किया था। उन्होंने मंच से लोगों से अपील की कि डॉ. किरोड़ी लाल मीणा से क्षेत्र के विकास कार्य जरूर करवाएं, क्योंकि ऐसे नेता बार-बार नहीं मिलते। सड़क निर्माण का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि जहां सड़क नहीं है, वहां सड़क बनवानी चाहिए।

गोलमा देवी ने खिलाड़ियों को खेल भावना से खेलने की सलाह दी। इस दौरान मंच पर मौजूद एक महिला को उन्होंने परंपरागत पहनावे को लेकर भी सुझाव दिया और कहा कि ऐसे आयोजनों में साड़ी की बजाय लुगड़ी पहनकर आना चाहिए। अपने भाषण में उन्होंने यह भी कहा कि वे ज्यादा पढ़ी-लिखी नहीं हैं और उन्हें किसी ने पढ़ाया नहीं, क्योंकि पहले के समय में शिक्षा पर इतना ध्यान नहीं दिया जाता था। अंत में उन्होंने युवाओं को मोबाइल से दूरी बनाकर शिक्षा पर ध्यान देने का संदेश दिया और मोबाइल को आज के समय में खतरनाक बताया।