ट्रेलर ने महिला को कुचला, अंडरपास की मांग को लेकर हाईवे जाम

अजमेर के नारेली पुलिया पर हाईवे पार कर रही एक महिला को ट्रेलर ने कुचल दिया, जिससे उसकी मौके पर मौत हो गई। हादसे के बाद लोगों ने अंडरपास निर्माण की मांग को लेकर प्रदर्शन किया और करीब एक घंटे तक ट्रैफिक जाम रहा।

Feb 19, 2026 - 16:53
ट्रेलर ने महिला को कुचला, अंडरपास की मांग को लेकर हाईवे जाम

राजस्थान के अजमेर शहर में नारेली पुलिया के पास हाईवे पार कर रही एक महिला को तेज रफ्तार ट्रेलर ने कुचल दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई और देखते ही देखते लोगों की भीड़ जमा हो गई।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, रसूलपुरा निवासी महिला दोपहर करीब एक बजे हाईवे पार कर रही थी। इसी दौरान तेज गति से आ रहे ट्रेलर ने उसे अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी भीषण थी कि ट्रेलर अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गया और क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे के बाद चालक मौके से फरार हो गया।

सूचना मिलते ही अलवर गेट थाना पुलिस मौके पर पहुंची। थाना प्रभारी नरेंद्र जाखड़ ने घटनास्थल का जायजा लिया और भीड़ को शांत कराने का प्रयास किया। इस बीच स्थानीय लोगों ने हादसे के विरोध में प्रदर्शन शुरू कर दिया और हाईवे पर जाम लगा दिया।

प्रदर्शनकारियों ने नारेली पुलिया क्षेत्र में लगातार हो रहे हादसों का हवाला देते हुए यहां अंडरपास निर्माण की मांग की। उनका कहना था कि हाईवे पार करने के लिए सुरक्षित व्यवस्था नहीं होने के कारण आए दिन जानलेवा दुर्घटनाएं हो रही हैं।

करीब एक घंटे तक ट्रैफिक बाधित रहा, जिससे वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। पुलिस ने समझाइश कर जाम खुलवाया और यातायात सुचारू कराया। वहीं, महिला के शव को पोस्टमार्टम के लिए जवाहर लाल नेहरू अस्पताल की मॉर्च्यूरी में रखवाया गया है।

पुलिस ने ट्रेलर चालक की तलाश शुरू कर दी है और मामले की जांच जारी है।