मदन राठौड़ का कांग्रेस पर तीखा तंज वो होटल में कुर्सी बचाते रहे,हम धरातल पर विकास लाए
अजमेर पहुंचे भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ ने पूर्ववर्ती सरकार को घेरा जानें मोदी की सभा और राजस्थान विकास पर क्या बोले राठौड़।
अजमेर - प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की 28 फरवरी को होने वाली प्रस्तावित सभा की तैयारियों का जायजा लेने आए राठौड़ ने पूर्व वर्ती गहलोत सरकार के कामकाज पर सवाल उठाए और वर्तमान भाजपा सरकार की उपलब्धियों का बखान किया राठौड़ ने मीडिया से बातचीत के दौरान चुटकी लेते हुए कहा कि पिछली सरकार के पांच साल केवल सत्ता के संघर्ष में बीत गए उन्होंने कहा, पहले की सरकार ने आखिर किया क्या था, कोई मुझे बता दे? मुख्यमंत्री अपनी कुर्सी बचाने की जुगत में लगे रहते थे और उपमुख्यमंत्री उनकी कुर्सी की टांग खिंचाई में विधायक होटलों में बंद रहते थे, ऐसे में सरकार कहां चल रही थी?"
विकास और निवेश के दावों पर जोर
मदन राठौड़ ने भजनलाल सरकार की पीठ थपथपाते हुए कहा कि भाजपा शासन में राजस्थान निवेश के केंद्र के रूप में उभर रहा है उन्होंने बताया कि सरकार ने 35 लाख करोड़ रुपये के एमओयू (MOU) किए हैं,जिनमें से आठ हजार करोड़ रुपये का निवेश तो धरातल पर उतर चुका है। राठौड़ ने दावा किया कि उनकी सरकार ने बजट की 80 प्रतिशत से ज्यादा घोषणाओं को अमली जामा पहना दिया है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आगामी राजस्थान दौरे को लेकर उन्होंने कहा कि मोदी जी का आगमन राजस्थान के लिए हमेशा 'वरदान' साबित होता है। उन्होंने पुराने दौरों का जिक्र करते हुए बताया कि चाहे बीकानेर में सॉइल टेस्टिंग की बात हो, बालोतरा की रिफाइनरी हो या बांसवाड़ा का एटॉमिक एनर्जी प्लांट,पीएम ने हमेशा प्रदेश को बड़ी सौगातें दी हैं उन्होंने भरोसा जताया कि 28 फरवरी की सभा के बाद भी प्रदेश को विकास के नए पंख लगेंगे।
वार्डों और जिलों के पुनर्गठन पर स्पष्टता
आगामी निकाय चुनावों और वार्डबंदी के विवाद पर मदन राठौड़ ने पिछली सरकार की नीतियों को भेदभावपूर्ण बताया उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस ने अपने चहेतों को फायदा पहुंचाने के लिए वार्डों का गठन किया था, जहां कहीं जनसंख्या 2 हजार थी तो कहीं 7 हजार।
राठौड़ ने स्पष्ट किया कि वर्तमान सरकार अब जनसंख्या के समान वितरण के आधार पर जिलों और वार्डों का पुनर्गठन कर रही है उन्होंने कहा,हम चाहते हैं कि हर नागरिक को समान प्रतिनिधित्व मिले और जनता के साथ न्याय हो इस प्रक्रिया में थोड़ा समय जरूर लगा है,लेकिन चुनाव पूरी पारदर्शिता के साथ होंगे और सही जनप्रतिनिधि चुनकर आएंगे उन्होंने कार्यकर्ताओं में जोश भरते हुए कहा कि चुनाव की घोषणा होते ही भाजपा का एक-एक कार्यकर्ता मैदान में उतरने के लिए पूरी तरह तैयार है।