सांसद हनुमान बेनीवाल ने उठाई HEC को पुनर्जीवित करने की मांग, कहा- 'राजस्थान के उद्योगों में स्थानीय युवाओं को मिले प्राथमिकता'

सांसद हनुमान बेनीवाल ने संसदीय समिति की बैठक में HEC के संकट और राजस्थान के उद्योगों में स्थानीय रोजगार का मुद्दा उठाया।

Feb 20, 2026 - 20:43
सांसद हनुमान बेनीवाल ने उठाई HEC को पुनर्जीवित करने की मांग, कहा- 'राजस्थान के उद्योगों में स्थानीय युवाओं को मिले प्राथमिकता'
हनुमान बेनीवाल

नई दिल्ली। राष्ट्रीय लोकतांत्रिक पार्टी (RLP) के सुप्रीमो और नागौर सांसद हनुमान बेनीवाल इन दिनों दिल्ली में संसदीय समितियों की बैठकों में काफी सक्रिय नजर आ रहे हैं। शुक्रवार को उन्होंने लगातार दूसरे दिन 'उद्योग संबंधी संसदीय स्थाई समिति' की महत्वपूर्ण बैठक में शिरकत की। इस बैठक का मुख्य एजेंडा झारखंड स्थित हैवी इंजीनियरिंग कॉर्पोरेशन (HEC) की खस्ताहाल स्थिति और इसके पुनरुद्धार की योजनाओं पर चर्चा करना था।

HEC की जमीन और प्रबंधन पर उठाए सवाल

सांसद बेनीवाल ने बैठक के दौरान HEC के गहरे वित्तीय संकट और उत्पादन क्षमता में लगातार आ रही गिरावट पर चिंता व्यक्त की। उन्होंने ऐतिहासिक तथ्यों का हवाला देते हुए कहा कि 1958 में तत्कालीन बिहार सरकार ने इस संस्थान को बड़े विजन के साथ भारी मात्रा में भूमि आवंटित की थी।

बेनीवाल ने कड़े लहजे में कहा कि 48 साल बीत जाने के बाद आज हम इस पर चर्चा कर रहे हैं, जबकि हकीकत यह है कि आवंटित भूमि का एक बड़ा हिस्सा बेचा जा चुका है। उन्होंने यह भी मुद्दा उठाया कि रिकॉर्ड के मुकाबले मौके पर जमीन काफी कम है, जिस पर अवैध कब्जे हो चुके हैं। सांसद ने मांग की कि केंद्र सरकार को ठोस रणनीति बनाकर इस पुराने गौरवशाली उद्योग को फिर से शुरू करना चाहिए।

राजस्थान के युवाओं और मजदूरों की सुरक्षा का मुद्दा

बैठक में झारखंड के साथ-साथ सांसद बेनीवाल ने राजस्थान के औद्योगिक हितों को भी प्रमुखता से रखा। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि राजस्थान में चल रही रिफाइनरी, सीमेंट फैक्ट्रियों और अन्य बड़े उद्योगों में स्थानीय लोगों की अनदेखी बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

"उद्योगों में स्थानीय युवाओं को रोजगार में पहली प्राथमिकता मिलनी चाहिए। साथ ही, फैक्ट्रियों में काम करने वाले मजदूरों की सुरक्षा के साथ कोई समझौता नहीं होना चाहिए।" – हनुमान बेनीवाल

उन्होंने समिति से मांग की कि उद्योगों में मजदूरों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए सरकार को कड़े निर्देश और गाइडलाइंस जारी करनी चाहिए ताकि आए दिन होने वाले हादसों पर रोक लग सके।

Mahaveer Sankhlecha I am a reporter dedicated to delivering accurate news and meaningful stories to the public.