गोचर जमीन पर बवाल: शादी की खुशियों के बीच खूनी संघर्ष, एक की मौत, तीन घायल
बाड़मेर के गिराब थाना क्षेत्र के तुड़बी गांव में गोचर जमीन को लेकर दो पक्षों के बीच लाठी-पत्थरों से हुई हिंसक झड़प में एक व्यक्ति की मौत हो गई और तीन लोग घायल हो गए।
बाड़मेर। गिराब थाना क्षेत्र के तुड़बी गांव में गोचर जमीन को लेकर चला आ रहा विवाद गुरुवार को हिंसक टकराव में बदल गया। दो पक्षों के बीच लाठी-पत्थरों से हुई जबरदस्त झड़प में एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। विडंबना यह रही कि दोनों ही परिवारों में शादी की तैयारियां चल रही थीं, लेकिन पुरानी रंजिश ने खुशियों को मातम में बदल दिया।
पुलिस के अनुसार, गांव में गोचर प्लॉट को लेकर लंबे समय से विवाद चला आ रहा था। गुरुवार दोपहर करीब 3:30 बजे एक पक्ष का युवक शोभ सिंह विवादित जमीन से गुजर रहा था। आरोप है कि तभी दूसरे पक्ष के राय सिंह व अन्य लोगों ने उसके साथ मारपीट शुरू कर दी। घटना की सूचना मिलते ही दोनों पक्षों के लोग मौके पर पहुंच गए और देखते ही देखते मामला उग्र हो गया।
दोनों ओर से लाठी-पत्थरों से हमला हुआ, जिसमें मोहन सिंह सहित चार लोग घायल हो गए। सभी घायलों को पहले हरसाणी अस्पताल ले जाया गया, जहां से हालत गंभीर होने पर उन्हें बाड़मेर रेफर कर दिया गया। उपचार के दौरान मोहन सिंह ने दम तोड़ दिया।
ग्रामीणों के अनुसार, करीब एक महीने पहले समाज के लोगों ने दोनों पक्षों के बीच समझौता भी कराया था, लेकिन तनाव पूरी तरह खत्म नहीं हुआ था। घटना के समय मोहन सिंह के घर में भतीजी की शादी की तैयारियां चल रही थीं, वहीं दूसरे पक्ष के घर में भी बेटे की शादी की रस्में तय थीं।
घटना की सूचना मिलते ही एएसपी नितेश आर्य, डीएसपी रमेश कुमार शर्मा और कोतवाल मनोज कुमार पुलिस जाब्ते के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को अस्पताल की मॉर्च्यूरी में रखवाकर जांच शुरू कर दी है।
एएसपी नितेश आर्य ने बताया कि परिजनों की रिपोर्ट के आधार पर हत्या का मामला दर्ज किया जाएगा और आरोपियों की तलाश जारी है।