लापता युवक का कंकाल मिलने में मचा हड़कंप, जांच पड़ताल में जुटी पुलिस
करीब 7 दिन पहले घर से सामान लेने के लिए बाजार निकले लापता युवक का कंकाल मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया। पहले युवक के हाथ का पंजा मिला और जब पुलिस ने सर्च अभियान चलाया तो कुछ दूरी पर युवक का क्षत विकसित शव मिला। युवक के परिजनों ने जालौर में उसकी गुमशुदगी दर्ज करवा रखी थी।
राजस्थान के बालोतरा जिले के सिवाना थाना क्षेत्र में एक युवक का कंकाल मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। यह पूरा मामला तेलवाड़ा गांव का है, जहां पहले एक इंसानी हाथ का कटा हुआ पंजा मिलने की सूचना पुलिस को मिली थी। इसी सूचना के आधार पर पुलिस ने सर्च अभियान चलाया, जिसमें करीब 150 मीटर की दूरी पर एक मानव कंकाल बरामद हुआ।
पुलिस के अनुसार कंकाल बेहद क्षत-विक्षत अवस्था में मिला है। सूचना मिलते ही सिवाना थाना पुलिस मौके पर पहुंची और आसपास के क्षेत्र में गहन तलाशी अभियान चलाया। सिवाना थानाधिकारी चंद्रवीर सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने मौके से आवश्यक साक्ष्य जुटाए और मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच शुरू की।
पुलिस के मुताबिक मृतक की पहचान 30 वर्षीय बूटाराम पुत्र निवासी ऐलाना, जिला जालौर के रूप में हुई। बताया गया कि बूटाराम करीब सात दिन पहले बाजार से सामान खरीदने के लिए घर से निकला था, लेकिन वापस नहीं लौटा। परिजनों ने काफी तलाश के बाद जालौर जिले के विशनगढ़ थाने में उसकी गुमशुदगी दर्ज करवाई थी।
पुलिस ने मृतक के परिजनों को पूरे घटनाक्रम की जानकारी दे दी है। परिजनों के मौके पर पहुंचने के बाद उनकी रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी करने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया जाएगा।
पुलिस के अनुसार बूटाराम 21 दिसंबर को घर से निकला था। वह शादीशुदा था और उसकी चार साल की एक बेटी है। प्रारंभिक जानकारी में सामने आया है कि बूटाराम मानसिक रूप से अस्वस्थ भी था। फिलहाल पुलिस हर पहलू से मामले की जांच कर रही है और मौत के कारणों का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है।