महाराणा प्रताप पर बयान से गरमाई राजनीति, कटारिया पर खाचरियावास का हमला

महाराणा प्रताप को लेकर गुलाबचंद कटारिया के बयान पर सियासी बवाल, खाचरियावास और करणी सेना की तीखी प्रतिक्रिया

Dec 26, 2025 - 10:32
महाराणा प्रताप पर बयान से गरमाई राजनीति, कटारिया पर खाचरियावास का हमला

राज्यपाल गुलाबचंद कटारिया के महाराणा प्रताप को लेकर दिए गए बयान के बाद राजस्थान सहित देश के राजनीतिक और सामाजिक हलकों में विवाद गहरा गया है। कटारिया ने एक कार्यक्रम में कहा था कि यदि स्थानीय आदिवासी और भील समुदाय का सहयोग नहीं होता तो क्या महाराणा प्रताप युद्ध लड़ पाते। इस बयान को लेकर कई संगठनों और नेताओं ने नाराजगी जताई है।

पंजाब के राज्यपाल गुलाबचंद कटारिया के इस बयान पर पूर्व कैबिनेट मंत्री और कांग्रेस नेता प्रताप सिंह खाचरियावास ने तीखी प्रतिक्रिया दी है। खाचरियावास ने कहा कि महाराणा प्रताप थे, इसलिए आज हम हैं। उनके बलिदान और स्वाभिमान के कारण ही देश आज अपनी अस्मिता के साथ खड़ा है। उन्होंने कहा कि महाराणा प्रताप ने कभी किसी बादशाह के सामने सिर नहीं झुकाया और किसी प्रकार का समझौता स्वीकार नहीं किया। मातृभूमि के प्रति उनकी भक्ति आज भी लोगों को प्रेरणा देती है।

खाचरियावास ने महाराणा प्रताप को शूरवीर, स्वाभिमान का प्रतीक और क्षत्रिय कुल शिरोमणि बताते हुए कहा कि वे भारत की संस्कृति, धर्म, नीति और देशभक्ति के प्रतीक हैं। उनकी देशभक्ति से पूरी दुनिया प्रेरित होती है।

दरअसल, 22 दिसंबर को एक कार्यक्रम के दौरान कटारिया ने यह भी कहा था कि महाराणा प्रताप को कांग्रेस के राज में केवल नाम के रूप में सुना जाता था, जबकि जनता पार्टी की सरकार के समय उन्हें वास्तविक पहचान दिलाई गई। उन्होंने हल्दीघाटी, चावंड और पोखरगढ़ जैसे ऐतिहासिक स्थलों के विकास कार्यों का भी जिक्र किया।

कटारिया ने अपने संबोधन में बाप पार्टी पर निशाना साधते हुए यह भी कहा कि जो लोग खुद को हिंदू नहीं मानते, वे बताएं कि महाराणा प्रताप की सेना में कैसे आए। इसी बयान के बाद विवाद और तेज हो गया।

इस मामले में ‘क्षत्रिय करणी सेना’ ने भी नाराजगी जताई है। संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष राज शेखावत ने सोशल मीडिया पर एक धमकी भरी पोस्ट साझा की है। उदयपुर के पुलिस अधीक्षक योगेश गोयल ने बताया कि मामला पुलिस के संज्ञान में है और जांच की जा रही है। फिलहाल कटारिया की ओर से कोई औपचारिक शिकायत दर्ज नहीं कराई गई है।