उड़ते विमान में पैसेंजर ने पी सिगरेट, गिरफ्तार: जयपुर लैंडिंग के बाद एयरपोर्ट पुलिस ने लिया हिरासत में

बेंगलुरु से जयपुर आ रही फ्लाइट में यात्री टॉयलेट में सिगरेट पीते पकड़ा गया, लैंडिंग के बाद गिरफ्तार।

Nov 10, 2025 - 09:40
उड़ते विमान में पैसेंजर ने पी सिगरेट, गिरफ्तार: जयपुर लैंडिंग के बाद एयरपोर्ट पुलिस ने लिया हिरासत में
AI द्वारा फोटो बनाया गया है

बेंगलुरु से जयपुर आ रही एअर इंडिया एक्सप्रेस की फ्लाइट में एक यात्री को उड़ान के दौरान सिगरेट पीते हुए पकड़ा गया। विमान स्टाफ को टॉयलेट से धुआं और गंध आने पर शक हुआ। जांच करने पर पैसेंजर को सिगरेट पीते हुए रंगे हाथों पकड़ लिया गया।

एयरलाइन स्टाफ ने उसे रोकने की कोशिश की, लेकिन यात्री ने विरोध शुरू कर दिया। घटना रविवार शाम फ्लाइट IX-2986 की है, जो करीब शाम 5:30 बजे जयपुर एयरपोर्ट पर लैंड हुई।

लैंडिंग के तुरंत बाद एयरलाइन सुरक्षा टीम ने CISF की मदद से आरोपी पैसेंजर को हिरासत में लेकर जयपुर एयरपोर्ट पुलिस के हवाले किया।

एयरपोर्ट पुलिस कर रही पूछताछ

जयपुर एयरपोर्ट पुलिस ने बताया कि पैसेंजर से पूछताछ की जा रही है। शुरुआती जांच में सामने आया कि उसने विमान के टॉयलेट में सिगरेट पी थी, जो विमानन नियमों का गंभीर उल्लंघन है।

डीजीसीए को भेजी जाएगी रिपोर्ट

एअर इंडिया एक्सप्रेस की ओर से पूरी घटना की रिपोर्ट नागरिक उड्डयन महानिदेशालय (DGCA) को भेजी जाएगी। एयरलाइन के अनुसार, फ्लाइट में धूम्रपान पूरी तरह प्रतिबंधित है और यह विमानन सुरक्षा अधिनियम के तहत दंडनीय अपराध है।

रिपोर्ट के आधार पर पैसेंजर पर कड़ी कार्रवाई की जा सकती है। साथ ही एयरलाइन यह भी जांच कर रही है कि सिगरेट विमान में कैसे पहुंची।

Mahaveer Sankhlecha I am a reporter dedicated to delivering accurate news and meaningful stories to the public.