पानी की चोरी पर एसडीएम की सख्ती: अंतिम छोर के किसानों तक पानी पहुंचाने के लिए कार्रवाई

बाड़मेर जिले के सेड़वा क्षेत्र में नर्मदा नहर से पानी की चोरी की शिकायतों पर एसडीएम विश्नोई ने रविवार को पनोरिया और बाखासर इलाकों का निरीक्षण किया। निरीक्षण में मुख्य वितरिका से अवैध पाइप लगाकर पानी चोरी करते तीन स्थानों पर किसानों को रंगे हाथों पकड़ा गया। एसडीएम ने किसानों को सख्त समझाइश दी

Dec 28, 2025 - 12:12
पानी की चोरी पर एसडीएम की सख्ती: अंतिम छोर के किसानों तक पानी पहुंचाने के लिए कार्रवाई

बाड़मेर (सेड़वा), 28 दिसंबर। थार मरुस्थल के बीच बाड़मेर जिले में नर्मदा नहर परियोजना किसानों के लिए जीवनरेखा सरीखी है। लेकिन मुख्य वितरिका से अवैध पाइप लगाकर पानी की चोरी करने की शिकायतें बढ़ने के बाद सेड़वा के एसडीएम विश्नोई ने रविवार को पनोरिया और बाखासर क्षेत्रों का अचानक निरीक्षण किया। इस दौरान तीन अलग-अलग स्थानों पर अवैध पाइपलाइन से पानी चोरी करते किसानों को रंगे हाथों पकड़ा गया।

एसडीएम ने मौके पर ही किसानों को कड़ी समझाइश दी और अवैध पाइप तुरंत हटाने के निर्देश दिए। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि पाइप नहीं हटाए गए तो नर्मदा नहर अधिकारियों से कहकर मुकदमा दर्ज कराया जाएगा। एसडीएम ने कहा, "पानी की चोरी करने से सरकार को तो नुकसान होता ही है, लेकिन सबसे बड़ा नुकसान अंतिम छोर पर बैठे किसान का होता है। आप बीच में पानी चोरी करोगे तो इंडो-पाक बॉर्डर से सटे गांवों तक पानी कैसे पहुंचेगा? वो भी तो किसान हैं और रबी फसलों की सिंचाई के लिए इस पानी पर निर्भर हैं। पानी चोरी करना कानूनन अपराध है।"

नर्मदा नहर की पनोरिया ब्रांच: 65 किमी दूर टेल तक पानी की चुनौती

पनोरिया पंपिंग हेड से करीब 65 किलोमीटर दूर इंडो-पाकिस्तान सीमा से सटे बाखासर माइनर और बावरवाला पनोरिया टेल तक नर्मदा नहर के पानी से रबी सीजन में किसानों की फसलों को सिंचाई की जाती है। पिछले तीन महीनों से टेल क्षेत्र के किसानों को नियमित पानी मिल रहा है, लेकिन बीच-बीच में चोरी की वजह से पानी की मात्रा कम हो जाती थी।

एसडीएम की पहले से सक्रियता

टेल तक पर्याप्त पानी पहुंचाने के लिए एसडीएम विश्नोई लंबे समय से सक्रिय हैं। 13 अक्टूबर को उन्होंने नर्मदा नहर परियोजना के अधीक्षण अभियंता को पत्र लिखकर किसानों की समस्याओं से अवगत कराया था। इसके बाद 10 दिसंबर को पनोरिया पंपिंग हेड का निरीक्षण किया और अधिकारियों के साथ बैठक की। बैठक में पानी चोरी रोकने के लिए पनोरिया वितरिका की लगातार पेट्रोलिंग, चौकसी बढ़ाने और डिग्गी अध्यक्षों का सहयोग लेने के सख्त निर्देश दिए गए थे।

रविवार के निरीक्षण में एसडीएम की सख्ती से क्षेत्र के किसानों में पानी चोरी रोकने का संदेश गया है। अधिकारियों का कहना है कि अब लगातार निगरानी रखी जाएगी ताकि रबी फसलों के लिए सभी किसानों को न्यायोचित पानी मिल सके।