वसुंधरा राजे का बड़ा बयान: धोद में बरगद की तरह फैली BJP, कांग्रेस-कॉमरेड गायब

सीकर दौरे में वसुंधरा राजे ने धोद विधायक की तारीफ की, कांग्रेस पर तंज और संगठन को दिया विस्तार का संदेश

Feb 3, 2026 - 10:01
वसुंधरा राजे का बड़ा बयान: धोद में बरगद की तरह फैली BJP, कांग्रेस-कॉमरेड गायब

राजस्थान की पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे ने सोमवार को सीकर भाजपा कार्यालय में पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं को संबोधित किया। बीकानेर जाते समय हुए इस संक्षिप्त लेकिन अहम दौरे में राजे ने पुराने नेताओं की भूमिका, संगठन की मजबूती और भविष्य की रणनीति पर खुलकर बात की। उनके बयान राजनीतिक हलकों में चर्चा का विषय बने।

पुराने नेताओं को किया याद, बदले दौर पर टिप्पणी

वसुंधरा राजे ने मंच पर मौजूद भाजपा के वरिष्ठ नेताओं की ओर इशारा करते हुए कहा कि समय के साथ सभी में बदलाव आया है। उन्होंने कहा, “जब हमने राजनीति की शुरुआत की थी, तब सब चुस्त-दुरुस्त और जवान नजर आते थे। अब उम्र का असर दिखता है, लेकिन यह स्वाभाविक है।” उन्होंने इसे सभी नेताओं की सामूहिक स्थिति बताया।

धोद विधायक को बताया ‘बरगद का पेड़’

राजे ने धोद विधायक गोरधन वर्मा की जमकर तारीफ की। उन्होंने कहा कि पहले धोद विधानसभा में जीत की रणनीति बनानी पड़ती थी, लेकिन अब स्थिति बदल चुकी है। वसुंधरा ने कहा, “आप ऐसे फैल गए हैं जैसे बरगद का पेड़ फैलता है। उसके नीचे कुछ नहीं हो सकता। यही कारण है कि वहां कांग्रेस, कॉमरेड और अन्य पार्टियां दिखाई नहीं देतीं।” उन्होंने विधायक को लंबे समय तक निरंतर काम करने के लिए धन्यवाद दिया।

अन्य नेताओं को दिया संदेश

पूर्व मुख्यमंत्री ने पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं से कहा कि अब बाकी लोगों को भी इसी तरह विस्तार करने की जरूरत है। उन्होंने कहा कि जब धोद में इतना बड़ा बदलाव हो सकता है, तो अन्य क्षेत्रों में भी यह संभव है। इसके लिए जमीन पर जाकर काम करने और जनता से जुड़ने पर जोर दिया।

कार्यकर्ताओं से मुलाकात, जताया आभार

सीकर भाजपा कार्यालय पहुंचने पर युवा कार्यकर्ताओं ने वसुंधरा राजे का 51 किलो की माला से स्वागत किया। राजे ने सभी का आभार जताया और कहा कि उन्हें कई पुराने साथियों से मिलने का अवसर मिला। उन्होंने बताया कि यहां कई पूर्व सरपंच और महिला कार्यकर्ता भी मौजूद थीं, जिन्होंने पार्टी के लिए देर रात तक काम किया था।

रतन जलधारी से हल्की-फुल्की बातचीत

कार्यक्रम के बाद वसुंधरा राजे ने 2023 विधानसभा चुनाव में सीकर से भाजपा प्रत्याशी रहे रतनलाल जलधारी से बातचीत की। उन्होंने चुनाव हारने को बैडलक बताया। जब यह बताया गया कि 51 किलो की माला पहनाने वालों में जलधारी के पोते यश भी थे, तो राजे ने मजाकिया लहजे में कहा, “आप घर जाओ और आराम करो।”

बीजेपी कार्यालय की सराहना

वसुंधरा राजे ने सीकर भाजपा कार्यालय भवन की तारीफ करते हुए कहा कि इसका इंटीरियर और लोकेशन बेहद शानदार है। उन्होंने पुराने दिनों को याद करते हुए कहा कि पहले जहां जगह मिल जाती थी, वहीं से पार्टी का काम शुरू हो जाता था।