बीकानेर के श्रीडूंगरगढ़ के पास स्लीपर बस जलकर खाक, इमरजेंसी गेट ने बचाई 40 जिंदगियां

श्रीडूंगरगढ़ के पास जयपुर से बीकानेर जा रही स्लीपर बस चारे से भरे ट्रक से टकरा गई। टक्कर के बाद दोनों वाहनों में आग लग गई। बस में लगे इमरजेंसी गेट से 40 यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाला गया। बस चालक घायल हुआ, जबकि बस पूरी तरह जलकर नष्ट हो गई।

Jan 28, 2026 - 09:16
बीकानेर के श्रीडूंगरगढ़ के पास स्लीपर बस जलकर खाक, इमरजेंसी गेट ने बचाई 40 जिंदगियां

बीकानेर जिले के श्रीडूंगरगढ़ क्षेत्र में नेशनल हाईवे पर शुक्रवार सुबह एक बड़ा सड़क हादसा होते-होते टल गया। जयपुर से बीकानेर जा रही मिलन ट्रैवल्स की स्लीपर बस चारों से भरे एक ट्रक से टकरा गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि ट्रक में भरे चारे में तुरंत आग लग गई, जो देखते ही देखते बस तक फैल गई।

हादसा सुबह करीब 5:15 बजे श्रीडूंगरगढ़ पार करने के बाद सेसोमू स्कूल के पास हुआ। जानकारी के अनुसार, बस रात करीब 11 बजे जयपुर से रवाना हुई थी। सुबह घने कोहरे के बीच आगे चल रहा चारे से भरा ट्रक किसी वाहन से टकराने के बाद सड़क पर रुक गया था। पीछे से आ रही स्लीपर बस खड़े ट्रक में जा घुसी।

टक्कर के बाद बस और ट्रक दोनों में आग लग गई। बस में सवार करीब 40 यात्रियों को तुरंत बस के मेन गेट और दोनों इमरजेंसी गेट से सुरक्षित बाहर निकाला गया। यात्रियों की सतर्कता और बस में पहले से लगे इमरजेंसी गेट के चलते बड़ा हादसा टल गया।

हादसे में बस चालक घायल हो गया, जिसे प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर हालत में बीकानेर रेफर किया गया है। अन्य सभी यात्रियों को सुरक्षित बताया जा रहा है। हालांकि आग की चपेट में आने से स्लीपर बस पूरी तरह जलकर कबाड़ हो गई और यात्रियों का सारा सामान भी जल गया।

सूचना मिलने पर फायर ब्रिगेड की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। हादसे के बाद नेशनल हाईवे पर करीब दो घंटे तक यातायात बंद रहा, जिससे लंबा जाम लग गया।

हेड कांस्टेबल बलवीर सिंह काजला ने बताया कि जैसेलमेर हादसे के बाद बसों में इमरजेंसी गेट अनिवार्य किए गए थे। इसी कारण इस हादसे में यात्रियों की जान बच सकी।