साढ़े तीन साल की मासूम रुमायशा ने खुद पर डाला खौलता पानी, इलाज के दौरान तोड़ दिया दम
कोटा जिले के रामगंजमंडी क्षेत्र में साढ़े तीन साल की मासूम बच्ची रुमायशा की दर्दनाक मौत हो गई। गुरुवार सुबह घर के बाथरूम में नहलाने की तैयारी के दौरान गीजर से भरी गर्म पानी की बाल्टी से बच्ची ने खुद पर जग से पानी डाल लिया,
कोटा। रामगंजमंडी क्षेत्र में एक दिल दहला देने वाला हादसा सामने आया है। साढ़े तीन साल की मासूम बच्ची रुमायशा ने घर के बाथरूम में गीजर से गर्म पानी की बाल्टी से जग उठाकर खुद पर डाल लिया, जिससे वह गंभीर रूप से झुलस गई। इलाज के दौरान शुक्रवार सुबह उसने दम तोड़ दिया। परिवार ने इसे दुर्घटना मानते हुए पोस्टमॉर्टम और किसी कानूनी कार्रवाई से इनकार कर दिया है।
मृतका रुमायशा के पिता अमजद खान रामगंजमंडी के वार्ड नंबर 24, गोवर्धनपुरा, माताजी रोड पर परिवार सहित रहते हैं। अमजद एक कूरियर कंपनी में डिलीवरी बॉय का काम करते हैं। उनके जुड़वां बेटियां हैं, जिनमें से एक रुमायशा थी।अमजद खान ने बताया कि घटना गुरुवार सुबह करीब 9 बजे घर के बाथरूम में हुई।
बच्ची को नहलाने की तैयारी चल रही थी और गीजर से गर्म पानी बाल्टी में भरकर रखा गया था। तभी अचानक रुमायशा बाथरूम में चली गई और उसने बाल्टी से जग में गर्म पानी भरकर खुद पर डाल लिया। उसकी चीख सुनकर हम दौड़े, लेकिन तब तक वह बुरी तरह झुलस चुकी थी।
परिजन तुरंत बच्ची को रामगंजमंडी के सरकारी अस्पताल ले गए, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर हालत को देखते हुए रात में कोटा के MBS अस्पताल के बर्न वार्ड में रेफर कर दिया गया। वहां इलाज जारी था, लेकिन शुक्रवार सुबह करीब 5 बजे अचानक उसकी तबीयत बिगड़ गई और उसने दम तोड़ दिया।अमजद खान ने बताया कि हमने बच्ची का पोस्टमॉर्टम नहीं करवाने और किसी प्रकार की कानूनी कार्रवाई नहीं करने का फैसला लिया है। रामगंजमंडी पुलिस थाने के ASI को इस संबंध में लिखित आवेदन दे दिया गया है।