बोलेरो कैंपर ने बाइक सवार को 100 मीटर तक घसीटा, युवक की मौके पर मौत

बाड़मेर के शिव थाना क्षेत्र में स्टेट हाईवे-65 पर बोलेरो कैंपर और बाइक की टक्कर में 25 वर्षीय युवक ओमप्रकाश की मौके पर मौत हो गई।

Mar 3, 2026 - 20:03
बोलेरो कैंपर ने बाइक सवार को 100 मीटर तक घसीटा, युवक की मौके पर मौत

पश्चिमी राजस्थान के बाड़मेर जिले के शिव गाना क्षेत्र में मंगलवार शाम एक भीषण सड़क हादसे में 25 वर्षीय युवक की दर्दनाक मौत हो गई। स्टेट हाईवे-65 पर राइकों की ढाणी के पास बोलोरो कैंपर और बाइक की आमने-सामने टक्कर में बाइक सवार युवक करीब 100 मीटर तक घसीटता चला गया। हादसे के बाद ग्रामीणों और परिजनों में भारी आक्रोश फैल गया और मौके पर विरोध-प्रदर्शन किया गया।

पुलिस के अनुसार उण्डू निवासी ओमप्रकाश (25) पुत्र राणाराम कानासर से अपने गांव उण्डू लौट रहा था। जैसे ही वह स्टेट हाईवे-65 पर राइकों की ढाणी के पास पहुंचा, सामने से आ रही बोलेरो कैंपर ने उसकी बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक कैंपर के आगे फंस गई और वाहन चालक युवक को बाइक समेत करीब 100 मीटर तक घसीटता ले गया।घटना में युवक की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद कैंपर चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया।

हादसे की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर एकत्र हो गए और आक्रोशित होकर धरना देकर विरोध-प्रदर्शन किया। सूचना पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और स्थिति को संभाला। पुलिस ने परिजनों को बुलाकर समझाइश की और उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया, जिसके बाद मामला शांत हुआ।

पुलिस ने मृतक के शव को भियाड़ अस्पताल की मॉर्च्यूरी में रखवाया है। परिजनों की रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। बताया जा रहा है कि मृतक युवक एक प्राइवेट कंपनी में कार्यरत था और पुलिस फरार कैंपर चालक की तलाश में जुटी है