12 साल के बेटे की हत्या कर पिता ने भी खाया जहर, दोनों की मौत
भीलवाड़ा के बड़लियास थाना क्षेत्र में पारिवारिक विवाद से परेशान एक पिता ने अपने 12 वर्षीय बेटे की दराती से गला काटकर हत्या कर दी और बाद में जहर खाकर आत्महत्या कर ली।
राजस्थान के भीलवाड़ा जिले के बड़लियास थाना क्षेत्र में शुक्रवार सुबह एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई। पारिवारिक विवाद से परेशान एक पिता ने अपने ही 12 वर्षीय बेटे की दराती से गला काटाकर हत्या कर दी और बाद में खुद जहर खाकर आत्महत्या कर ली। इस दर्दनाक घटना से पूरे गांव में सनसनी फैल गई।
घटना शुक्रवार सीबह करीब 7 बजे की बताई जा रही है। पडीसियों ने जब घर के अंदर से कोई हलचल नहीं देखी तो परिजनों को सूचना दी। परिजन मौके पर पहुंचे, लेकिन गेट अंदर से बंद था। वे दीवार फांदकर घर में दाखिल हुए। कमरे में चारपाई पर 12 साल के मासूम का शव पड़ा था, जिसका गला कटा हुआ था।
वहीं, पिता कमरे में ही जहर के असर से तड़प रहा था। उसे तुरंत जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी भी मौत हो गई।
पुलिस जांच में सामने आया कि पिता ने फसल काटने में काम आने वाली दराती से बेटे पर वार किया। गला कटने से बच्चे की मौके पर ही मौत हो गई। दराती घर में ही रखी हुई थी।
जांच में यह भी सामने आया कि बेटे की हत्या के बाद आरोपी पिता ने पहले पंखे से फंदा लगाने की कोशिश की, लेकिन असफल रहा। इसके बाद उसने जहरीला पदार्थ खा लिया। मौके से कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ है।
जानकारी के अनुसार, कुछ दिन पहले युवक ने एक वीडियो बनाकर गांव के व्हाट्सऐप ग्रुप में डाला था। वीडियो में उसने पैसों के लेनदेन और ससुराल पक्ष को लेकर आरोप लगाए थे। साथ ही बेटे सहित आत्महत्या करने की बात भी कही थी। पुलिस अब उस वीडियो की भी जांच कर रही है।
डीएसपी बाबूलाल बिश्नोई ने बताया कि युवक का अपनी पत्नी से विवाद चल रहा था और पत्नी पिछले कुछ समय से पीहर में रह रही थी। घटना के समय घर में केवल पिता और बेटा ही मौजूद थे।
सूचना पर ASI गोपाल सिंह और प्यारचंद मौके पर पहुंचे। भीलवाड़ा से एफएसएल टीम ने साक्ष्य जुटाए हैं। दोनों शवों को अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया गया है और मेडिकल बोर्ड से पोस्टमॉर्टम कराया जाएगा। पुलिस मामले की जांच पारिवारिक कलह के एंगल से कर रही है।