कभी इंतजार करवाने वाली वसुंधरा राजे को करना पड़ा ढाई घंटे का इंतजार

पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे के किशनगढ़, अजमेर और पुष्कर दौरे के दौरान बागेश्वर धाम के कथा वाचक धीरेन्द्र कृष्ण शास्त्री से उनकी मुलाकात ने राजनीतिक हलकों में हलचल पैदा कर दी है।

Feb 24, 2026 - 13:35
कभी इंतजार करवाने वाली वसुंधरा राजे को करना पड़ा ढाई घंटे का इंतजार

राजस्थान की पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे के हालिया अजमेर और किशनगढ़ और पुष्कर दौरे ने प्रदेश की सियासत में नई चर्चाओं को जन्म दे दिया है।

एक समय हुआ करता था जब राजे की एक झलक पाने के लिय कार्यकर्ताओं और समर्थकों को कई घंटों तक इंतजार करना पड़ता था लेकिन इस बार तस्वीर यह कुछ अलग नजर आई।

पुष्कर प्रवास के दौरान वसुंधरा राजे को कथा वाचक पंडित धिरेंद्र कृष्ण शास्त्री से मुलाकात के लिए करीब ढाई घंटे तक इंतजार करना पड़ा।

बताया जा रहा है कि कथा समाप्त होने के बाद सोमवार देर रात शास्त्री ने उन्हें अपने होटल कक्ष में बुलाया और वहां पर दोनों के बीच लगभग एक घंटे की चर्चा हुई। मुलाकात के दौरान वसुंधरा राजे ने नारियल भेंट कर आशीर्वाद लिया।

सोशल मीडिया पर सामने आई तस्वीर में शास्त्री सोफे पर बैठे हुए दिखाई दिए वहीं राजे जमीन पर बैठी नजर आईं। यह दृश्य राजनीतिक और सामाजिक हलकों में चर्चा का विषय बना हुआ है।

पिछले कुछ दिनों से पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे धार्मिक कार्यक्रमों में सक्रिय रूप से भाग ले रही है और तीर्थ स्थलों को लेकर सार्वजनिक बयान भी दे रही है। भाजपा में अलग प्रभाव रखने वाली वरिष्ठ नेता का किसी धार्मिक व्यक्तित्व से लंबा इंतजार कर मुलाकात करना राजनीतिक दृष्टि से अहम माना जा रहा है।

अब सियासी गलियारों में सबसे बड़ा सवाल यह है कि इस मुलाकात का संदेश पार्टी नेतृत्व, खासकर दिल्ली तक किस रूप में पहुंचता है। क्या यह शक्ति प्रदर्शन है, आध्यात्मिक जुड़ाव का संदेश, या फिर भविष्य की रणनीति का संकेत?