श्रीडूंगरगढ़ के कुनपालसर स्कूल में प्रधानाचार्य पर लाठी से हमला, वीडियो वायरल

बीकानेर जिले के श्रीडूंगरगढ़ क्षेत्र के कुनपालसर गांव के राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय में जाति प्रमाण पत्र पर हस्ताक्षर को लेकर विवाद हिंसक हो गया

Feb 24, 2026 - 12:00
श्रीडूंगरगढ़ के कुनपालसर स्कूल में प्रधानाचार्य पर लाठी से हमला, वीडियो वायरल

बीकानेर जिले के श्रीडूंगरगढ़ क्षेत्र के गांव कुनपालसर स्थित राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय में सोमवार को एक जाति प्रमाण पत्र पर हस्ताक्षर को लेकर विवाद हिंसक झड़प में बदल गया। आरोप है कि विद्यालय के प्रधानाचार्य किसनाराम डेलू पर कुछ लोगों ने पहले स्कूल परिसर में और फिर गेट के बाहर लाठी से हमला कर दिया। घटना का वीडियो सामने आने के बाद क्षेत्र में आक्रोश व्याप्त है।

पुलिस रिपोर्ट के अनुसार, सोमवार दोपहर करीब 12 बजे गांव निवासी जगदीश प्रसाद पुत्र सोहनराम मेघवाल स्कूल पहुंचे और जाति प्रमाण पत्र पर हस्ताक्षर करने का आग्रह किया। प्रधानाचार्य ने नियमानुसार दस्तावेज पूर्ण रूप से भरकर लाने को कहा।

करीब सवा एक बजे रामचंद्र पुत्र पुसाराम मेघवाल फार्म लेकर विद्यालय पहुंचे, लेकिन दस्तावेज फिर भी अधूरे थे। प्रधानाचार्य द्वारा प्रक्रिया पूरी कर पुनः लाने की बात कहने पर कहासुनी शुरू हो गई, जो देखते ही देखते विवाद में बदल गई।

आरोप है कि रामचंद्र ने नशे की हालत में गाली-गलौज करते हुए प्रधानाचार्य को धक्का देकर जमीन पर गिरा दिया। पास में रखा चाय का टोपिया उठाकर उनकी ओर फेंक दिया, जिससे उनके हाथ में गहरी चोट आई। शोर सुनकर स्टाफ सदस्य विनोद कुमार पूनियां मौके पर पहुंचे, तब तक आरोपी स्कूल से बाहर निकल चुका था।

बताया जा रहा है कि स्कूल के बाहर पहले से मौजूद मुन्नीराम पुत्र मोतीराम सिहाग के साथ मिलकर आरोपी ने फिर से विवाद शुरू कर दिया। गेट पर समझाइश के दौरान प्रधानाचार्य पर लाठी से वार किया गया, जिससे उनके पैर में गंभीर चोट आई। घटना के बाद विद्यालय में दहशत का माहौल बन गया।