थाने के भीतर आधी रात का वीडियो बना सबूत: भुसावर में दो कॉन्स्टेबल बर्खास्त
भरतपुर जिले के भुसावर थाना क्षेत्र में 22 फरवरी की रात एक युवती को थाने लाने के मामले में दो कॉन्स्टेबल सोनू और परमवीर को बर्खास्त कर दिया गया है।
राजस्थान के भरतपुर जिले के भुसावर थाना क्षेत्र में आधी रात को हुई एक संदिग्ध घटना ने पुलिस महकमे में हड़कंप मचा दिया। मामले में ड्यूटी पर तैनात दो कॉन्स्टेबल—सोनू और परमवीर को तत्काल प्रभाव से बर्खास्त कर दिया गया है। यह कार्रवाई जिले के पुलिस अधीक्षक दिगंत आनंद द्वारा की गई है।
जानकारी के अनुसार 22 फरवरी की रात करीब 12 बजे दो पुलिसकर्मी एक युवती को बाइक पर लेकर थाने पहुंचे थे। घटना का एक वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आने के बाद मामला तूल पकड़ गया। वीडियो वायरल होते ही एसपी ने तुरंत कार्रवाई करते हुए दोनों कॉन्स्टेबल को सेवा से बर्खास्त कर दिया।
पूरे मामले की निष्पक्ष जांच के लिए एएसपी स्तर के अधिकारी को जांच सौंपी गई है। पुलिस प्रशासन का कहना है कि जांच रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
वीडियो बनाने वाले युवक का दावा है कि 22 फरवरी की रात उसके घर के पास एक बाइक आकर रुकी थी। बाइक पर सवार दो युवक एक युवती को अपने साथ ले जा रहे थे। स्थिति संदिग्ध लगने पर उसने बाइक का पीछा किया। युवक के अनुसार बाइक सीधे भुसावर थाने के अंदर गई।
युवक ने आरोप लगाया है कि जब उसने घटना का वीडियो बनाना शुरू किया तो थाने में मौजूद पुलिसकर्मियों ने उसका मोबाइल छीन लिया और जब्त कर लिया। इतना ही नहीं, उसके साथ मारपीट भी की गई।
बताया जा रहा है कि युवती के परिजनों को जब घटना की जानकारी मिली तो वे थाने पहुंचे और युवती को अपने साथ घर ले गए। बदनामी के डर से परिजनों ने फिलहाल कोई औपचारिक शिकायत दर्ज नहीं कराई है।
पुलिस प्रशासन का कहना है कि पूरे मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। एएसपी स्तर की जांच रिपोर्ट के आधार पर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।