मन की बात: पीएम मोदी ने बताया कैसे AI और आधुनिक खेती से बदल रहा भारत, सीएम भजनलाल बोले- राजस्थान में पूरा होगा 'विकसित भारत' का संकल्प

पीएम मोदी ने 'मन की बात' में AI और खेती पर जोर दिया, वहीं सीएम भजनलाल ने राजस्थान के विकास और बजट घोषणाओं पर बात की।

Feb 22, 2026 - 14:51
मन की बात: पीएम मोदी ने बताया कैसे AI और आधुनिक खेती से बदल रहा भारत, सीएम भजनलाल बोले- राजस्थान में पूरा होगा 'विकसित भारत' का संकल्प
राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा मन की बात देखते हुवे

जयपुर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को अपने मासिक रेडियो कार्यक्रम ‘मन की बात’ की 131वीं कड़ी के जरिए देश को संबोधित किया। इस कार्यक्रम को राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने जयपुर के वाटिका स्थित पंडित दीनदयाल उपाध्याय सामुदायिक केंद्र में आम जनता के साथ सुना। प्रधानमंत्री ने अपने संबोधन में जहां भारत की तकनीकी शक्ति और खेती में हो रहे बदलावों का जिक्र किया, वहीं मुख्यमंत्री ने 'विकसित राजस्थान' के संकल्प को दोहराया।

दुनिया देख रही है भारत का AI दम

प्रधानमंत्री मोदी ने हाल ही में हुए 'एआई इम्पैक्ट समिट' का उदाहरण देते हुए कहा कि आज पूरी दुनिया भारत की आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) क्षमताओं को देखकर हैरान है। उन्होंने बताया कि कैसे डेयरी सेक्टर में AI का उपयोग हो रहा है और हमारे प्राचीन भारतीय ग्रंथों को डिजिटल रूप में सुरक्षित किया जा रहा है। पीएम ने साफ किया कि भारत अब तकनीक के क्षेत्र में दुनिया का नेतृत्व करने के लिए तैयार है।

डिजिटल अरेस्ट और साइबर ठगी से रहें सावधान

बढ़ते डिजिटल अपराधों पर चिंता जताते हुए प्रधानमंत्री ने देशवासियों को ‘डिजिटल अरेस्ट’ जैसी धोखाधड़ी से बचने की सलाह दी। उन्होंने अपील की कि किसी भी अनजान कॉल या लिंक पर अपनी निजी जानकारी साझा न करें और केवल आधिकारिक माध्यमों से ही केवाईसी (KYC) अपडेट कराएं। उन्होंने मजबूत भारत के लिए नागरिकों का जागरूक होना अनिवार्य बताया।

खेती में तकनीक और परंपरा का संगम

किसानों की सराहना करते हुए पीएम मोदी ने कहा कि आज का किसान केवल उत्पादन ही नहीं, बल्कि गुणवत्ता और वैश्विक बाजार पर भी ध्यान दे रहा है। उन्होंने ओडिशा के मल्टीपर्पज फार्मिंग मॉडल और केरल के धान संरक्षण का जिक्र किया। साथ ही, सीकर (राजस्थान) के रामदेव सिंह का उदाहरण देते हुए अंगदान के प्रति जागरूकता की भी तारीफ की, जो किडनी ट्रांसप्लांट के बाद भी खेल की दुनिया में सक्रिय हैं।

मुख्यमंत्री का संकल्प: 'विकसित राजस्थान'

कार्यक्रम के बाद मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री मोदी की बातें हर नागरिक के लिए प्रेरणा का स्रोत हैं। उन्होंने अपनी सरकार की उपलब्धियां गिनाते हुए बताया कि राज्य सरकार ने महज दो साल में 2719 बजट घोषणाओं में से 2450 पर काम शुरू कर दिया है। उन्होंने पूर्ववर्ती सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि अब राजस्थान में केवल वादे नहीं, काम होता है।

जनता के बीच पहुंचे मुख्यमंत्री, बच्चों को बांटी चॉकलेट

कार्यक्रम के बाद एक अलग ही नजारा देखने को मिला जब मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने वाटिका से लौटते समय एक साधारण चाय की दुकान पर रुककर चाय की चुस्कियां लीं। वहां मौजूद छात्राओं ने पेपरलीक पर लगाम लगाने और परीक्षाओं का कैलेंडर जारी करने के लिए सीएम का आभार जताया। मुख्यमंत्री ने वहां मौजूद बच्चों को चॉकलेट भी बांटी, जिससे बच्चों के चेहरे खिल उठे।

इस दौरान सांसद मंजू शर्मा, विधायक कैलाश वर्मा और कई अन्य जनप्रतिनिधि भी मौजूद रहे।

Mahaveer Sankhlecha I am a reporter dedicated to delivering accurate news and meaningful stories to the public.