20 फीट जमीन के विवाद में खून: बाड़मेर में युवक की मौत, 6 आरोपी गिरफ्तार

बाड़मेर के तुड़बी गांव में 20 फीट जमीन के विवाद को लेकर दो पक्षों में खूनी संघर्ष हो गया। लाठी-डंडों से हुई मारपीट में मानसिंह उर्फ मोहनसिंह की इलाज के दौरान मौत हो गई

Feb 24, 2026 - 15:10
20 फीट जमीन के विवाद में खून: बाड़मेर में युवक की मौत, 6 आरोपी गिरफ्तार
Photo by Ai

पश्चिमी राजस्थान के बाड़मेर जिले में महज 20 फीट जमीन के विवाद ने खूनी रूप ले लिया। जिले के गिराब थाना क्षेत्र के तुड़बी गांव में दो पक्षों के बीच हुए हिंसक संघर्ष में एक युवक की मौत हो गई, जबकि तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने मामले में 6 नामजद आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है और शेष आरोपियों की तलाश जारी है।

बता दे को घटना 19 फरवरी को हुई थी जिसमें पूनम सिंह पुत्र सादुलसिंह निवासी तुड़बी ने बाड़मेर हॉस्पिटल में रिपोर्ट दर्ज करवाई। रिपोर्ट के अनुसार उनका भाई शेभूसिंह मवेशियों को पानी पिलाने खेत गया था। वापस लौटते समय गांव तुड़बी स्कूल के पास घात लगाए बैठे आरोपियों ने उस पर लाठियों-डंडों से हमला कर दिया।

मारपीट के दौरान बीच-बचाव करने पहुंचे मानसिंह उर्फ मोहनसिंह, भोजराजसिंह और भूरसिंह के सिर पर गंभीर चोटें आईं। मोहनसिंह के सिर पर लाठी लगने से गंभीर घाव हुआ। उसे तुरंत अस्पताल ले जाया गया, लेकिन इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल बन गया।

जिला पुलिस अधीक्षक नरेंद्रसिंह मीना ने बताया कि गिराब थानाधिकारी जगदीशसिंह के नेतृत्व में गठित टीम ने घटना के चार दिन बाद कार्रवाई करते हुए 6 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों में दीपसिंह पुत्र बीजरासिंह, किशनसिंह पुत्र बसंतसिंह, उम्मेदसिंह पुत्र चुतरसिंह, शैतानसिंह पुत्र बीजराजसिंह, जामतसिंह पुत्र पोलसिंह और रायसिंह पुत्र नेतसिंह शामिल हैं।

पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर रही है तथा फरार अन्य आरोपियों की तलाश में दबिश दी जा रही है।