क्या राजस्थान में खत्म होगा अपराधियों का खौफ? रविंद्र सिंह भाटी ने सदन में गिनाईं गैंगस्टरों की 'हिट लिस्ट', मंत्री के जवाब पर विपक्ष का भारी पलटवार!
राजस्थान में बढ़ती गैंग गतिविधियों, धमकियों और डिब्बा कॉलिंग पर विधानसभा में रविंद्र भाटी ने उठाई आवाज़, विपक्ष ने किया समर्थन
राजस्थान विधानसभा में आज रविंद्र सिंह भाटी ने शून्यकाल के दौरान राज्य में फैल रहे गैंगस्टर नेटवर्क और डिब्बा कॉलिंग के जरिए आ रही धमकियों का गंभीर मुद्दा उठाया गया। इस दौरान कई विधायकों ने औपचारिक व अनौपचारिक तौर पर उनका समर्थन करते हुए स्थिति को चिंताजनक बताते हुए ठोस कार्रवाई की आवश्यकता पर जोर दिया।
विधायक रविंद्र सिंह भाटी ने सदन में कहा कि कुछ अपराधी देश के बाहर बैठे हुए हैं और कुछ जेल में होने के बावजूद गैंगों का संचालन कर रहे हैं। इंटरनेट और डिब्बा कॉलिंग के जरिए व्यापारियों से लेकर छोटे दुकानदारों तक को धमकियां मिल रही हैं। उन्होंने बताया कि कई पीड़ित तो डर के चलते पुलिस तक पहुंचने की हिम्मत नहीं जुटा पा रहे हैं। अपराधियों में लगातार बढ़ रहे हौसलों को देखते हुए उन्होंने सरकार से सख्त कार्रवाई की मांग की।
संरक्षण देने वाले नेक्सस को तोड़ना होगा
भाटी ने आरोप लगाया कि कई मामलों में अब तक मुकदमे भी दर्ज नहीं हुए हैं। उन्होंने कहा कि सिर्फ दो पुलिसकर्मियों को किसी के घर के बाहर बिठा देने से समस्या हल नहीं होगी। अगर किसी तरह का संरक्षण देने वाला नेटवर्क सक्रिय है, तो उसे तोड़ना बेहद जरूरी है। उन्होंने नाबालिगों को अपराध में शामिल करने वाले नेटवर्क पर कार्रवाई, और गैंगस्टरों की संपत्तियां अटैच करने जैसे कदम उठाने की मांग की। साथ ही बिहार, मुंबई और उत्तर प्रदेश की तर्ज पर संगठित अभियान चलाने की सलाह भी दी।
सरकार की ओर से जवाब
मामले पर जवाब देते हुए गृह राज्य मंत्री जवाहर सिंह बेढम ने कहा कि सरकार गैंगों के खिलाफ पूरी गंभीरता से कार्रवाई कर रही है। उन्होंने दावा किया कि वर्तमान सरकार के आने के बाद ऐसी घटनाओं पर 100% अंकुश लगाने की दिशा में ठोस कदम उठाए गए हैं। इस दौरान उन्होंने पिछली सरकार को कटघरे में खड़ा करते हुए कहा कि तब व्यापारियों को खुलेआम धमकियां दी जाती थीं।
“ठोस कार्रवाई क्या हो रही है?”
नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली ने हस्तक्षेप कर पूछा कि आखिर जमीन पर कौन-सी कार्रवाई हो रही है। इस पर मंत्री ने बताया कि एंटी गैंगस्टर टास्क फोर्स (AGTF) के जरिए 2024 में 36,484 टीमों का गठन कर 1,23,936 स्थानों पर दबिश दी गई। वर्ष 2025 में भी यह अभियान जारी है।
गृह राज्यमंत्री ने यह भी जानकारी दी कि AGTF ने 50 हजार रुपये के इनामी अमरजीत बिश्नोई को इटली से गिरफ्तार करवाया। इसके अलावा सुधा कंवर और आदित्य जैन सोनी को भी विदेश से पकड़ा गया। साथ ही अमित शर्मा उर्फ जय पंडित और जगजीत सिंह जग्गा के खिलाफ भी अंतरराष्ट्रीय स्तर पर कार्रवाई की गई। अध्यक्ष वसुदेव देवनानी ने कहा कि यदि सदस्य नियमों के तहत प्रस्ताव लाएँ, तो इस विषय पर आधे घंटे की चर्चा कराई जा सकती है।