नागौर में 9 साल की मासूम की स्कूल ग्राउंड में मौत चार महीने पहले भाई भी गया था हार्ट अटैक से

नागौर जिले के गोटन कस्बे के एक निजी स्कूल में 9 वर्षीय छात्रा की खेलते समय अचानक बेहोश होकर गिरने से मौत हो गई। डॉक्टरों ने प्राथमिक जांच में कार्डियक अरेस्ट को कारण माना है।

Feb 26, 2026 - 11:43
नागौर में 9 साल की मासूम की स्कूल ग्राउंड में मौत चार महीने पहले भाई भी गया था हार्ट अटैक से

राजस्थान के नागौर जिले के गोटन कस्बे में एक दर्दनाक घटना सामने आई है। गोटन स्थित गोटन इंटरनेशनल स्कूल में पढ़ने वाली 9 वर्षीय छात्रा की अचानक तबीयत बिगड़ने से मौत हो गई। प्राथमिक जांच में मौत का कारण कार्डियक अरेस्ट (हार्ट अटैक) बताया जा रहा है। हैरानी की बात यह है कि करीब चार महीने पहले उसके बड़े भाई की भी इसी तरह अचानक हार्ट अटैक से मौत हो गई थी।

यह घटना 23 फरवरी की सुबह करीब 7:48 बजे की है। स्कूल में प्रार्थना शुरू होने से पहले कुछ बच्चे ग्राउंड में खेल रहे थे। पांचवीं कक्षा की छात्रा दिव्या भी उन्हीं बच्चों के साथ खेल रही थी। इसी दौरान वह अचानक लड़खड़ाकर जमीन पर गिर पड़ी और बेहोश हो गई।

छात्रा के गिरते ही स्कूल परिसर में अफरा-तफरी मच गई। स्कूल स्टाफ ने तुरंत बच्ची को संभाला और परिजनों को सूचना दी। बिना समय गंवाए उसे गोटन के राजकीय अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

स्कूल डायरेक्टर रामकुंवार ओला ने बताया कि दिव्या तालनपुर निवासी राजेंद्र बापेडिया की पुत्री थी और नियमित रूप से स्कूल आती थी। घटना के समय वह सामान्य रूप से खेल रही थी। अचानक बेहोश होने के बाद उसे तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।

डॉक्टरों के अनुसार, बच्ची के शरीर पर किसी प्रकार के बाहरी चोट के निशान नहीं मिले हैं। प्रारंभिक जांच में मौत का कारण कार्डियक अरेस्ट माना गया है। हालांकि परिजनों ने पोस्टमॉर्टम कराने से इनकार कर दिया, जिसके बाद शव उन्हें सौंप दिया गया।

दिव्या के बड़े भाई अभिषेक की 9 सितंबर 2025 को इसी तरह अचानक तबीयत बिगड़ने से मौत हो गई थी। वह घर पर खेलते समय बेहोश हो गया था और अस्पताल ले जाने पर डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया था।

एक ही परिवार में चार महीने के भीतर दो बच्चों की अचानक मौत से क्षेत्र में शोक की लहर है।