प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अजमेर यात्रा को लेकर तैयारियां तेज मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने लिया जायजा
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की 28 फरवरी को प्रस्तावित अजमेर यात्रा को लेकर मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कायड़ विश्राम स्थली का निरीक्षण कर तैयारियों की समीक्षा की।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की 28 फरवरी को प्रस्तावित अजमेर यात्रा को लेकर राज्य सरकार ने तैयारियां तेज कर दी हैं। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा मंगलवार को अजमेर पहुंचे और सभा स्थल कायड़ विश्राम स्थली का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का विस्तृत जायजा लिया।
मुख्यमंत्री ने उच्च अधिकारियों की बैठक लेकर कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि आयोजन से जुड़ी सभी व्यवस्थाएं समयबद्ध तरीके से पूरी की जाएं और विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें।
निरीक्षण के दौरान मुख्यमंत्री ने आगंतुकों के बैठने की व्यवस्था, पेयजल, चिकित्सा सुविधाएं, विद्युत आपूर्ति, पार्किंग, यातायात प्रबंधन और सुरक्षा व्यवस्था की विस्तार से समीक्षा की। उन्होंने ट्रैफिक पुलिस और परिवहन विभाग को विशेष निर्देश देते हुए कहा कि यातायात सुचारू रहे और पार्किंग की पर्याप्त व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, ताकि आमजन को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
मुख्यमंत्री ने बताया कि प्रधानमंत्री इस अवसर पर राजस्थान को विभिन्न विकास कार्यों के लोकार्पण और शिलान्यास की सौगात देंगे। कार्यक्रम के दौरान एचपीवी वैक्सीन की लॉन्चिंग भी की जाएगी। साथ ही बड़ी संख्या में युवाओं को नियुक्ति पत्र प्रदान किए जाएंगे, जिससे प्रदेश के युवाओं को रोजगार के नए अवसर मिलेंगे।
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी विभाग समन्वित रूप से कार्य करते हुए कार्यक्रम को ऐतिहासिक और सुव्यवस्थित बनाएँ।