स्वरूपसिंह खारा के नेतृत्व में विद्यार्थियों ने किया राजस्थान विधानसभा का शैक्षणिक भ्रमण

भाजपा नेता स्वरूपसिंह खारा के नेतृत्व में बाड़मेर के श्री मल्लीनाथ राजपूत महाविद्यालय छात्रावास के विद्यार्थियों ने जयपुर स्थित राजस्थान विधानसभा का शैक्षणिक भ्रमण किया।

Feb 25, 2026 - 11:39
स्वरूपसिंह खारा के नेतृत्व में विद्यार्थियों ने किया राजस्थान विधानसभा का शैक्षणिक भ्रमण

बाड़मेर। युवा पीढ़ी को लोकतांत्रिक व्यवस्था और संसदीय कार्यप्रणाली से जोड़ने के उद्देश्य से भाजपा नेता स्वरूपसिंह खारा के नेतृत्व में श्री मल्लीनाथ राजपूत महाविद्यालय छात्रावास, बाड़मेर के विद्यार्थियों का जयपुर स्थित राजस्थान विधानसभा का शैक्षणिक भ्रमण आयोजित किया गया।

इस प्रेरणादायक यात्रा के दौरान विद्यार्थियों ने विधानसभा की कार्यप्रणाली, लोकतांत्रिक परंपराओं और शासन व्यवस्था को नज़दीक से समझा। सदन की कार्यवाही, विधायी प्रक्रिया और जनप्रतिनिधियों की भूमिका के बारे में मिली जानकारी ने छात्रों में लोकतंत्र के प्रति नई जागरूकता और जिम्मेदारी की भावना को और सुदृढ़ किया।

इस अवसर पर माननीय राज्यमंत्री के.के विश्नोई ने विद्यार्थियों से संवाद करते हुए कहा कि लोकतंत्र की मजबूती युवाओं की जागरूकता और सक्रिय सहभागिता पर निर्भर करती है। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के शैक्षणिक भ्रमण से विद्यार्थियों को शासन व्यवस्था की वास्तविक कार्यप्रणाली समझने का अवसर मिलता है, जिससे वे भविष्य में एक सजग और जिम्मेदार नागरिक बनकर राष्ट्र निर्माण में योगदान दे सकें।

वहीं बगरू विधायक कैलाश वर्मा ने भी विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि लोकतांत्रिक मूल्यों की समझ युवाओं को सशक्त बनाती है।

भाजपा नेता स्वरूपसिंह खारा ने कहा कि युवा राष्ट्र की सबसे बड़ी शक्ति हैं और उन्हें संसदीय परंपराओं व लोकतांत्रिक मूल्यों से परिचित कराना समय की आवश्यकता है। उन्होंने बताया कि विद्यार्थियों से किए गए वादे के अनुरूप इस शैक्षणिक भ्रमण का आयोजन किया गया, ताकि वे लोकतंत्र की कार्यप्रणाली को प्रत्यक्ष रूप से समझ सकें।