बच्चा चोर की अफवाह बनी जानलेवा: गोंद बेचने आई मां-बेटी पर ग्रामीणों का हमला, बुजुर्ग महिला गंभीर घायल

पाली जिले के सोजत क्षेत्र के सिंचायावास गांव में बच्चा चोर की अफवाह के चलते गोंद बेचने आई मां-बेटी पर ग्रामीणों ने हमला कर दिया।

Feb 25, 2026 - 12:21
बच्चा चोर की अफवाह बनी जानलेवा: गोंद बेचने आई मां-बेटी पर ग्रामीणों का हमला, बुजुर्ग महिला गंभीर घायल

अफवाहों ने एक बार फिर मासूमों पर कहर बरपा दिया। पाली जिले के सोजत क्षेत्र में बच्चा चोर होने के शक में गोंद बेचने आई मां-बेटी पर ग्रामीणों ने बेरहमी से हमला कर दिया। इस हमले में बुजुर्ग महिला गंभीर रूप से घायल हो गईं, जिन्हें इलाज के लिए पाली के बांगड़ अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

बता दे कि घटना सिंचायावास गांव की है, जो बगड़ी नगर थाना क्षेत्र में आता है।

जानकारी के अनुसार, सोजत के मोड भट्टा क्षेत्र में रहने वाली महिला अपनी बेटी के साथ फुलाद गांव में रह रही थी। सोमवार को दोनों महिलाएं गोंद बेचने के लिए सिंचायावास गांव पहुंचीं। उसी दौरान मनरेगा में काम कर रहे कुछ ग्रामीणों ने उन्हें बच्चा चोर समझ लिया।

मां-बेटी ने अपनी पहचान साबित करने के लिए आधार कार्ड भी दिखाया, लेकिन अफवाह और भीड़ के गुस्से के आगे उनकी एक न चली।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कुछ ग्रामीणों ने दोनों को घेर लिया। इसी दौरान दो महिलाओं ने बुजुर्ग मां और उसकी बेटी पर लाठियों से हमला कर दिया। बुजुर्ग महिला हाथ जोड़कर रहम की गुहार लगाती रही, लेकिन हमलावर लगातार उनके सिर और शरीर पर लाठियां बरसाते रहे।

हमले में बुजुर्ग महिला के सिर में गंभीर चोटें आई हैं। उन्हें तुरंत पाली के बांगड़ अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका उपचार जारी है। बेटी की हालत फिलहाल स्थिर बताई जा रही है।

बगड़ी नगर थाना पुलिस ने इस मामले में एफआईआर दर्ज कर ली है। हालांकि घटना के तीन दिन बाद तक किसी की औपचारिक गिरफ्तारी नहीं हुई थी। पुलिस ने दो संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है और मामले की जांच जारी है।

क्षेत्र में बच्चा चोर की अफवाहें समय-समय पर फैलती रही हैं, जिसके कारण निर्दोष लोगों को भीड़ का शिकार होना पड़ता है। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना सीधे पुलिस को दें और कानून को अपने हाथ में न लें।