बाड़मेर में शिक्षक की शर्मनाक हरकत: सहकर्मी महिला शिक्षिकाओं को अश्लील मैसेज, रेप की धमकी के बाद निलंबन

बाड़मेर में एक सरकारी स्कूल के शिक्षक पर सहकर्मी महिला शिक्षिकाओं को अश्लील मैसेज भेजने और रेप व जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगा है।

Feb 25, 2026 - 09:14
बाड़मेर में शिक्षक की शर्मनाक हरकत: सहकर्मी महिला शिक्षिकाओं को अश्लील मैसेज, रेप की धमकी के बाद निलंबन

पश्चिमी राजस्थान के बाड़मेर जिले में शिक्षा जगत को शर्मसार करने वाला मामला सामने आया है। एक सरकारी स्कूल के शिक्षक पर अपनी ही सहकर्मी महिला शिक्षिकाओं को अश्लील मैसेज भेजने, गाली-गलौज करने और घर से उठाकर दुष्कर्म कर जान से मारने की धमकी देने का गंभीर आरोप लगा है। मामला सामने आने के बाद महिला शिक्षिकाओं ने जिला कलेक्टर से शिकायत की, जिस पर शिक्षा विभाग ने आरोपी शिक्षक को निलंबित कर विभागीय जांच शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार, दो अलग-अलग सरकारी स्कूलों की चार महिला शिक्षिकाएं सोमवार को जिला कलेक्टर से मिलीं और लिखित शिकायत सौंपी। शिकायत पत्र के साथ व्हाट्सएप चैट के स्क्रीनशॉट भी संलग्न किए गए हैं।

महिला शिक्षिकाओं का आरोप है कि आरोपी शिक्षक ने अपने  नंबर से अश्लील संदेश भेजे। इतना ही नहीं, कुछ आपत्तिजनक संदेश स्कूल के एक व्हाट्सएप ग्रुप में भी पोस्ट किए गए। पीड़िताओं का कहना है कि आरोपी ने उन्हें घर से उठाकर रेप करने और जान से मारने की धमकी दी।

शिकायत में यह भी बताया गया है कि एक अन्य स्कूल की महिला प्रधानाध्यापिका और स्टाफ को भी अश्लील मैसेज भेजे गए। आरोपी द्वारा गाली-गलौज कर धमकियां देने के साथ-साथ रात में मोबाइल पर कॉल कर मानसिक रूप से प्रताड़ित करने के आरोप भी लगाए गए हैं।

लगातार मिल रही धमकियों और अभद्र व्यवहार से परेशान होकर महिला शिक्षिकाओं ने प्रशासन से न्याय की गुहार लगाई।

अतिरिक्त जिला कलेक्टर राजेंद्र सिंह चांदावत ने बताया कि तीन से चार महिला शिक्षिकाओं ने जिला प्रशासन को शिकायत दी थी, जिसमें स्क्रीनशॉट भी शामिल थे। शिकायत को गंभीरता से लेते हुए शिक्षा विभाग को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए गए।

जिला शिक्षा अधिकारी (प्रारंभिक शिक्षा) कृष्ण सिंह ने मंगलवार को आरोपी शिक्षक को निलंबित कर उसका मुख्यालय सेड़वा बीईईओ कार्यालय कर दिया है। साथ ही आरोपी के खिलाफ विभागीय जांच भी शुरू कर दी गई है।

प्रशासन का कहना है कि जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की सख्त कार्रवाई की जाएगी।