बाड़मेर पुलिस लाइन में अमृता देवी बटालियन के जवान का सुसाइड सुसाइड नोट लिखकर टांके में कूदा, जांच जारी

बाड़मेर पुलिस लाइन में अमृता देवी बटालियन के जवान विजय कुमार ने सुसाइड नोट लिखकर टांके में कूदकर आत्महत्या कर ली।

Mar 1, 2026 - 13:35
बाड़मेर पुलिस लाइन में अमृता देवी बटालियन के जवान का सुसाइड सुसाइड नोट लिखकर टांके में कूदा, जांच जारी

पश्चिमी राजस्थान के बाड़मेर जिले की पुलिस लाइन में अमृता देवी बटालियन के एक जवान ने सुसाइड नोट लिखकर टांके में कूदकर आत्महत्या कर ली। घटना सुबह करीब 9 बजे की बताई जा रही है।

जानकारी के अनुसार, सुबह पुलिस लाइन में रॉल कॉल (अटेंडेंस) के दौरान जवान विजय कुमार अनुपस्थित मिला। साथियों ने उसे इधर-उधर तलाशा, लेकिन उसका कोई पता नहीं चला। इसी दौरान उसके कमरे की तलाशी ली गई, जहां से एक सुसाइड नोट बरामद हुआ। सुसाइड नोट मिलने के बाद पुलिसकर्मी स्कूल और मंदिर के पास बने टांके तक पहुंचे, जहां पानी में उसकी बॉडी तैरती मिली।

मृतक की पहचान खड़ीन निवासी विजय कुमार पुत्र धनाराम के रूप में हुई है। कोतवाल मनोज कुमार के अनुसार, विजय कुमार का चयन अमृता देवी बटालियन में हुआ था। वह बीमारी के कारण 11 फरवरी को पुलिस लाइन में जॉइन कर ट्रेनिंग ले रहा था। शनिवार रात उसने पुलिस लाइन में भोजन किया और मोबाइल गेम खेलता रहा। देर रात उसने सुसाइड नोट लिखने के बाद टांके में छलांग लगा दी।

मौके पर पहुंचे एएसपी नितेश आर्य ने बताया कि सुसाइड नोट में जवान ने खुद को मानसिक रूप से परेशान बताया है। उसने लिखा है कि उसके माता-पिता को परेशान न किया जाए। नोट में किसी व्यक्ति पर आरोप नहीं लगाया गया है। उसने जीवन से तंग आकर अपनी स्वेच्छा से यह कदम उठाने की बात लिखी है।

पुलिस के अनुसार, जवान का इलाज भी चल रहा था। वह अविवाहित था। शनिवार रात 8-9 बजे तक उसके पिता पुलिस लाइन में मौजूद थे और उसके बाद गांव चले गए थे। उस समय तक विजय सामान्य था

घटना की सूचना मिलते ही एएसपी नितेश आर्य, डीएसपी रमेश कुमार शर्मा और अन्य अधिकारी मौके पर पहुंचे। एफएसएल टीम को बुलाकर साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं। पुलिस सभी पहलुओं से मामले की गहन जांच कर रही है। परिजनों को घटना की सूचना दे दी गई है।