बाड़मेर में 99 ग्राम एमडी के साथ तस्कर गिरफ्तार, पहले से 6 केस दर्ज
बाड़मेर में एएनटीएफ और सदर थाना पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए वांकलपुरा महाबार निवासी रूघाराम उर्फ रघुवीर को गिरफ्तार किया।
पश्चिमी राजस्थान के बाड़मेर जिले में अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बड़ी कार्रवाई सामने आई है। एएनटीएफ और सदर थाना पुलिस ने संयुक्त ऑपरेशन करते हुए एक शातिर तस्कर को गिरफ्तार किया है। आरोपी के घर से 99 ग्राम एमडी ड्रग्स बरामद की गई है।
पुलिस अधीक्षक नरेंद्र सिंह मीणा ने बताया कि एएनटीएफ के प्रभारी महिपालसिंह को सूचना मिली थी कि वांकलपुरा महाबार निवासी रूघाराम उर्फ रघुवीर अपने घर में भारी मात्रा में अवैध मादक पदार्थ एमडी छुपाकर रखे हुए है।
सूचना के आधार पर सदर थाना इंचार्ज मंजु चौहान (RPS प्रोबेशनर) मय टीम और एएनटीएफ टीम इंचार्ज एएसआई महिलपालसिंह की संयुक्त टीम ने वांकलपुरा महाबार स्थित आरोपी के घर पर दबिश दी। तलाशी के दौरान घर से 99 ग्राम एमडी बरामद की गई।
पुलिस ने आरोपी रूघाराम उर्फ रघुवीर को मौके से गिरफ्तार कर लिया और उसके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है। फिलहाल पुलिस टीम आरोपी से मादक पदार्थ की खरीद-फरोख्त और सप्लाई नेटवर्क को लेकर गहन पूछताछ कर रही है।
पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार आरोपी के खिलाफ पहले से 6 आपराधिक मामले दर्ज हैं। इनमें 2 मामले एनडीपीएस एक्ट के तहत हैं, जबकि अन्य मामलों में चोरी, मारपीट और अवैध शराब तस्करी शामिल है। पुलिस अब आरोपी के पुराने नेटवर्क और सहयोगियों की भी जांच में जुटी हुई है।