समय से पहले तपने लगा राजस्थान: फतेहपुर 35.3°C पर सबसे गर्म, होली पर और चढ़ेगा पारा
राजस्थान में समय से पहले गर्मी ने जोर पकड़ लिया है। फतेहपुर में अधिकतम तापमान 35.3°C दर्ज किया गया, जबकि बाड़मेर 35°C पर रहा। श्रीगंगानगर, पिलानी और बीकानेर में तापमान सामान्य से 6 डिग्री ऊपर पहुंच गया।
राजस्थान में इस बार गर्मी ने मार्च की शुरुआत से पहले ही अपना असर दिखाना शुरू कर दिया है। शनिवार को प्रदेश के अधिकांश शहरों में आसमान साफ रहा और दिनभर तेज धूप ने लोगों के पसीने छुड़ा दिए। पश्चिमी और उत्तरी राजस्थान के कई जिलों में तापमान सामान्य से काफी ऊपर दर्ज किया गया।
सबसे ज्यादा गर्मी फतेहपुर (सीकर के पास) में दर्ज की गई, जहां अधिकतम तापमान 35.3 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया। इसके अलावा बाड़मेर में 35 डिग्री सेल्सियस अधिकतम तापमान रिकॉर्ड हुआ।
उत्तरी राजस्थान के श्री गंगानगर, पिलानी और बीकानेर में अधिकतम तापमान सामान्य से 6 डिग्री सेल्सियस तक ऊपर दर्ज किया गया। इससे साफ है कि प्रदेश में गर्मी ने तय समय से पहले दस्तक दे दी है।
दोपहर बाद चुरू जयपुर और अल्वार के कुछ इलाकों में हल्के बादल छाए रहे, जिससे उमस भी महसूस की गई। हालांकि बादलों के बावजूद तापमान में कोई खास गिरावट नहीं आई।
मौसम विभाग ने संकेत दिए हैं कि मार्च के पहले सप्ताह में अधिकांश शहरों में तापमान 31 से 37 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है। साथ ही, मार्च के तीसरे सप्ताह से कई शहरों में हीटवेव की स्थिति भी बन सकती है।
समय से पहले बढ़ती गर्मी ने फिलहाल प्रदेशवासियों को सावधान रहने का संकेत दे दिया है। अगर यही रफ्तार रही, तो इस बार मार्च में ही मई-जून जैसी गर्मी का अहसास हो सकता है।