रंगों के त्योहार पर सुरक्षा का सख्त पहरा: बाड़मेर में 325 पुलिसकर्मी तैनात, 22 जगह फिक्स पिकेट

बाड़मेर में होली पर्व को शांतिपूर्ण तरीके से मनाने के लिए पुलिस ने कड़े सुरक्षा इंतजाम किए हैं। जिला मुख्यालय पर 22 फिक्स पिकेट लगाए गए हैं और 325 पुलिस अधिकारी व जवान तैनात किए गए हैं।

Mar 2, 2026 - 12:44
रंगों के त्योहार पर सुरक्षा का सख्त पहरा: बाड़मेर में 325 पुलिसकर्मी तैनात, 22 जगह फिक्स पिकेट

बाड़मेर। रंगों के त्योहार होली को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण तरीके से मनाने के लिए बाड़मेर पुलिस ने व्यापक सुरक्षा व्यवस्था की है। आज होलिका दहन और कल धूलड़ी पर्व के मद्देनजर जिला मुख्यालय पर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं।

जिला पुलिस अधीक्षक नरेंद्र सिंह मीना के निर्देशन में 22 स्थानों पर फिक्स पिकेट लगाए गए हैं। इसके साथ ही शहर में सादा वर्दी में भी पुलिसकर्मी तैनात रहेंगे, ताकि असामाजिक तत्वों पर नजर रखी जा सके।

पुलिस व्यवस्था की मॉनिटरिंग के लिए 2 एएसपी, 3 डीएसपी और विभिन्न थानों के 5 थाना इंचार्ज तैनात किए गए हैं। डीएसपी रमेश कुमार के नेतृत्व में कोतवाली थाने में सीएलजी की बैठक आयोजित की गई। बैठक में सदस्यों से शांति और भाईचारे के साथ त्योहार मनाने की अपील की गई।

बैठक के अंत में सीएलजी सदस्यों ने पुलिस अधिकारियों को तिलक लगाकर होली की शुभकामनाएं दीं, जिससे सौहार्दपूर्ण माहौल देखने को मिला।

मोबाइल टीम और रिजर्व बल भी तैयार

4 पुलिस मोबाइल टीमें

3 रिजर्व बल

2 हाईवे मोबाइल

ट्रैफिक व्यवस्था के लिए विशेष तैनाती

वज्र वाहन की उपलब्धत

इन व्यवस्थाओं के जरिए शहर और हाईवे दोनों पर निगरानी रखी जाएगी।

325 अधिकारी और जवान संभालेंगे मोर्चा

एसपी के अनुसार, कुल 325 पुलिस अधिकारी और जवान जिला मुख्यालय पर तैनात किए गए हैं, जिनमें—

6 एसआई

16 एएसआई

37 हेड कांस्टेबल

181 कांस्टेबल (महिला कांस्टेबल सहित)

75 होमगार्ड

इसके अतिरिक्त वृत स्तर पर भी अलग-अलग स्थानों पर पुलिस बल लगाया गया है।

पुलिस प्रशासन ने आमजन से अपील की है कि होली का पर्व आपसी भाईचारे और कानून व्यवस्था का पालन करते हुए मनाएं।