बाड़मेर कलेक्ट्रेट को बम से उड़ाने की धमकी, मेल से मचा हड़कंप, सर्च ऑपरेशन जारी

बाड़मेर कलेक्ट्रेट को धमकी भरा मेल मिलने के बाद परिसर खाली कराया गया, डॉग स्क्वायड ने सर्च किया।

Dec 23, 2025 - 13:43

बाड़मेर में सोमवार रात कलेक्ट्रेट को बम से उड़ाने की धमकी मिलने के बाद प्रशासन और सुरक्षा एजेंसियों में हड़कंप मच गया। धमकी भरा ई-मेल मिलने के तुरंत बाद कलेक्ट्रेट परिसर को खाली करवाया गया और बड़े स्तर पर सर्च ऑपरेशन शुरू किया गया। एहतियात के तौर पर आम लोगों के साथ कर्मचारियों को भी बाहर निकाल दिया गया।

एसपी नरेंद्र सिंह मीणा ने बताया कि सोमवार रात करीब 10 बजकर 45 मिनट पर यह धमकी भरा मेल आया था। मेल कलेक्टर के आधिकारिक ई-मेल पर प्राप्त हुआ, जिसकी जानकारी मंगलवार सुबह कलेक्टर के पीए ने अधिकारियों को दी। इसके बाद तुरंत पुलिस और अन्य एजेंसियों को अलर्ट किया गया और पूरे कलेक्ट्रेट परिसर को खाली करवाया गया।

धमकी भरे मेल में बाड़मेर कलेक्ट्रेट के साथ-साथ अभिनेता रजनीकांत और मशहूर संगीतकार इलैयाराजा के चेन्नई स्थित घरों और कार्यालयों में आरडीएक्स बम लगाए जाने की बात कही गई थी। मेल में यह भी लिखा गया था कि धमाकों से पहले संबंधित स्थानों को खाली करा लिया जाए। मेल में दोपहर 12 बजे तक ब्लास्ट की धमकी दी गई थी।

एसपी नरेंद्र सिंह मीणा के अनुसार सुबह करीब 11 बजे सर्च ऑपरेशन शुरू किया गया। चूंकि मामला गंभीर था और तमिलनाडु से भी जुड़ा हुआ बताया गया, इसलिए पूरी सतर्कता बरती गई। डॉग स्क्वायड, बम निरोधक दस्ता और अन्य सुरक्षा एजेंसियों ने कलेक्ट्रेट परिसर के हर कार्यालय, कोर्ट परिसर और एसपी ऑफिस की एक-एक कर तलाशी ली।

कई घंटों तक चले सर्च ऑपरेशन में कहीं भी कोई संदिग्ध वस्तु या विस्फोटक नहीं मिला। इसके बाद अधिकारियों ने राहत की सांस ली। एसपी ने बताया कि यह धमकी झूठी निकली है, लेकिन सुरक्षा के लिहाज से जांच जरूरी थी। उन्होंने कहा कि पूरे राजस्थान में इस तरह के धमकी भरे मेल आ रहे हैं और इस महीने अब तक 10 से 15 ऐसी धमकियां मिल चुकी हैं।

पुलिस ने मामले में एफआईआर दर्ज करने की तैयारी शुरू कर दी है। यह भी बताया गया कि मेल भेजने वाले ने बाद में माफी भी मांगी है। फिलहाल मेल कहां से आया और किसने भेजा, इसकी तकनीकी जांच की जा रही है। अधिकारियों ने साफ कहा है कि जो भी इस मामले में दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।