31 लाख में बिका VIP नंबर RJ60CM0001, जयपुर में बना रिकॉर्ड

जयपुर आरटीओ में रिकॉर्ड नीलामी, आरजे 60 सीएम 0001 नंबर 31 लाख में बिका; 3 करोड़ की ऑडी कार के लिए खरीदा गया।

Nov 4, 2025 - 13:51
31 लाख में बिका VIP नंबर RJ60CM0001, जयपुर में बना रिकॉर्ड
यह गाड़ी जिसके नंबर को खरीदा

जयपुर। राजधानी जयपुर में सोमवार को आयोजित आरटीओ की फैंसी नंबर नीलामी में नया रिकॉर्ड बना। आरजे 60 सीएम 0001 (RJ60CM0001) नंबर 31 लाख रुपए में बिका, जो अब तक का राजस्थान का सबसे महंगा वाहन नंबर बन गया है। यह वीआईपी नंबर करीब 3 करोड़ रुपए की ऑडी आरएस क्यू8 कार के लिए खरीदा गया है।

आरटीओ प्रथम राजेंद्र सिंह शेखावत ने बताया कि फैंसी नंबरों की ऑनलाइन नीलामी सुबह से शुरू हुई थी। कई प्रतिभागियों ने बोली लगाई, लेकिन आरजे 60 सीएम 0001 नंबर के लिए प्रतिस्पर्धा सबसे ज्यादा रही। नीलामी के अंत में यह नंबर 31 लाख रुपए में फाइनल हुआ।

🔹 पारदर्शी प्रक्रिया से बढ़ी लोगों की रुचि

शेखावत ने बताया कि “श्री डिजिट नंबर घोटाले” के बाद अब लोग ऑनलाइन पोर्टल के ज़रिए पारदर्शी बोली प्रक्रिया में हिस्सा ले रहे हैं। पहले जहां फैंसी नंबर बेस प्राइस पर बिक जाते थे, अब लोग मनपसंद नंबर के लिए लाखों की बोली लगा रहे हैं। इस नीलामी से सरकार को अच्छा-खासा राजस्व भी मिला है।

🔹 कारोबारी राहुल तनेजा ने खरीदा नंबर

यह वीआईपी नंबर जयपुर के कारोबारी राहुल तनेजा ने खरीदा है। उन्होंने बताया कि यह नंबर उन्होंने अपने बेटे रेहान तनेजा की नई ऑडी आरएस क्यू8 कार के लिए लिया है।

राहुल ने कहा — “रेहान 16 नवंबर को 18 साल का हो रहा है, और उसी दिन यह कार उसे गिफ्ट की जाएगी।”

🔹 लग्जरी कार और वीआईपी नंबर का शौक

राहुल तनेजा इससे पहले भी कई महंगे वाहन नंबर खरीद चुके हैं।

2011 में, उन्होंने अपनी बीएमडब्ल्यू 7 सीरीज के लिए आरजे 14 सीपी 0001 नंबर 10 लाख रुपए में लिया था।

2018 में, अपनी जैगुआर एक्सजेएल कार के लिए आरजे 45 सीजी 0001 नंबर खरीदा था, जो उस समय राजस्थान का सबसे महंगा नंबर था।

राहुल का कहना है — “शौक की कोई कीमत नहीं होती। मैं आज में जीता हूं, जो चीज खुशी देती है वही करता हूं। कल क्या होगा, कौन जानता है।”

Mahaveer Sankhlecha I am a reporter dedicated to delivering accurate news and meaningful stories to the public.