जैसलमेर में कांग्रेस का उग्र प्रदर्शन: पूर्व मंत्री और DSP के बीच तीखी बहस, मोदी का पुतला फूंका, ED के दुरुपयोग का आरोप
जैसलमेर में नेशनल हेराल्ड मामले के खिलाफ जिला कांग्रेस कमेटी ने बुधवार को विरोध प्रदर्शन किया। जिलाध्यक्ष अमरदीन फकीर के नेतृत्व में पूर्व मंत्री सालेह मोहम्मद सहित कार्यकर्ता कलेक्ट्रेट की ओर बढ़े, लेकिन सिटी DSP रूप सिंह इंदा ने उन्हें रोक दिया।
जैसलमेर। नेशनल हेराल्ड मामले में केंद्र सरकार और प्रवर्तन निदेशालय (ED) के खिलाफ देशभर में कांग्रेस पार्टी के विरोध प्रदर्शनों की कड़ी में बुधवार को जैसलमेर जिला मुख्यालय पर भी जोरदार हंगामा देखने को मिला। जिला कांग्रेस कमेटी के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने कलेक्ट्रेट पर प्रदर्शन करने का प्रयास किया, लेकिन पुलिस ने उन्हें रोक दिया। इस दौरान पूर्व मंत्री सालेह मोहम्मद और सिटी DSP रूप सिंह इंदा के बीच तीखी बहस हो गई। पूर्व मंत्री भड़क उठे और DSP को चुनौती देते हुए कहा- "जो करना है कर लो।"
प्रदर्शन की शुरुआत सुबह 11 बजे हनुमान चौराहे से हुई। जिलाध्यक्ष अमरदीन फकीर के नेतृत्व में पूर्व मंत्री सालेह मोहम्मद सहित कई कांग्रेस पदाधिकारी और कार्यकर्ता शामिल हुए। सभी कलेक्ट्रेट की ओर बढ़ने लगे, तभी सिटी DSP रूप सिंह इंदा ने उन्हें बीच में ही रोक लिया। DSP ने स्पष्ट कहा कि कलेक्ट्रेट पर प्रदर्शन की अनुमति नहीं है, बल्कि हनुमान चौराहे पर ही प्रदर्शन करें।
इस पर कांग्रेस नेता अड़ गए और कलेक्ट्रेट पर ही प्रदर्शन करने की जिद की। पूर्व मंत्री सालेह मोहम्मद नाराज हो गए और DSP से पूछा- "आप प्रदर्शन करने से कैसे मना कर सकते हो? ये कौन-सी बात हुई?" DSP ने दोबारा मना किया तो सालेह मोहम्मद भड़क उठे और बोले- "हम तो प्रदर्शन करेंगे, कलेक्ट्रेट के आगे ही करेंगे। जो करना है कर लो।"
हालांकि, DSP ने धैर्य से समझाया और स्थिति को संभाला। अंततः कांग्रेस कार्यकर्ता मान गए और हनुमान चौराहे पर ही प्रदर्शन किया। यहां कार्यकर्ताओं ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का पुतला फूंका और केंद्र सरकार के खिलाफ जोरदार नारेबाजी की।
प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस जिलाध्यक्ष अमरदीन फकीर और पूर्व मंत्री सालेह मोहम्मद ने केंद्र की मोदी सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने आरोप लगाया कि मोदी शाही सरकार ED सहित अन्य संवैधानिक संस्थाओं का दुरुपयोग कर रही है। इसका मकसद लोकतंत्र को कमजोर करना और विपक्षी दलों की आवाज दबाना है। फकीर ने कहा- "भाजपा सरकार जांच एजेंसियों का राजनीतिक दुरुपयोग कर लोकतंत्र के स्तंभों को कमजोर कर रही है।"