नशे के सौदागर पर पुलिस की बड़ी करवाई, शातिर तस्कर को 15 ग्राम स्मैक के साथ दबोचा
बाड़मेर जिले के धोरीमन्ना थाना पुलिस ने अवैध स्मैक तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए एक शातिर आरोपी भागीरथराम को गिरफ्तार किया।
बाड़मेर। राजस्थान के सीमावर्ती जिले बाड़मेर में अवैध मादक पदार्थों की तस्करी पर पुलिस की सख्ती जारी है। धोरीमन्ना थाना पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर त्वरित कार्रवाई करते हुए एक युवक को गिरफ्तार किया है। आरोपी के पास से 15 ग्राम 10 मिलीग्राम अवैध स्मैक बरामद हुई है। पुलिस अब आरोपी से नशे के पूरे नेटवर्क का पता लगाने में जुटी हुई है।
पुलिस अधीक्षक नरेंद्र सिंह मीना ने बताया कि पुलिस मुख्यालय और जोधपुर रेंज आईजी के निर्देश पर अवैध मादक पदार्थों की रोकथाम और वांटेड आरोपियों की धरपकड़ के लिए विशेष टीम गठित की गई थी। यह टीम एएसपी नीतेश आर्य और डीएसपी सुखराम विश्नोई के पर्यवेक्षण में कार्य कर रही थी। इसी अभियान के तहत धोरीमन्ना थानाधिकारी दीपसिंह की टीम को सफलता मिली।
मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने कस्बे में दबिश दी। संदिग्ध युवक को रोककर पूछताछ की गई। तलाशी लेने पर उसके पास से 15 ग्राम 10 मिलीग्राम स्मैक बरामद हुई। आरोपी की शिनाख्त भागीरथराम पुत्र राजूराम, निवासी सुदाबेरी के रूप में हुई। मौके पर ही उसे गिरफ्तार कर लिया गया।
चौंकाने वाली बात यह है कि आरोपी के खिलाफ पहले से ही एनडीपीएस एक्ट के चार मामले दर्ज हैं। इनमें तीन मामले धोरीमन्ना थाने में और एक चौहटन थाने में दर्ज है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ फिर से एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया है।
फिलहाल आरोपी से गहन पूछताछ जारी है। पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि वह स्मैक कहां से लाता था और किन-किन लोगों को सप्लाई करता था। एसपी मीना ने कहा कि नशे के खिलाफ अभियान जारी रहेगा और ऐसे तस्करों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा।