बाड़मेर हाईवे पर दर्दनाक हादसा, तेज रफ्तार थार ने ननद-भाभी को कुचला
बाड़मेर NH-68 पर तेज रफ्तार थार की टक्कर से दर्शन कर लौट रहीं ननद-भाभी की मौत, चालक फरार।
बाड़मेर जिले के धोरीमना थाना क्षेत्र में नेशनल हाईवे-68 पर गुरुवार सुबह दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। तेज रफ्तार थार गाड़ी ने सड़क पार कर रही ननद-भाभी को टक्कर मार दी, जिससे दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद आरोपी चालक वाहन लेकर फरार हो गया।
पुलिस के अनुसार यह घटना गुरुवार सुबह करीब 5 बजे बोर चारणान टोल प्लाजा से लगभग दो किलोमीटर पहले हुई। गुजरात के बनासकांठा जिले के कांकरेज क्षेत्र की रहने वाली प्रेमी बहन (55) पत्नी दलश्योंगजी और उनकी भाभी तारा बहन (50) पत्नी अमृत रामदेवरा दर्शन के बाद अपने ग्रुप के साथ बस से गुजरात लौट रही थीं। रास्ते में बस को हाईवे किनारे खड़ा किया गया था, क्योंकि ड्राइवर डीजल लेने गया हुआ था।
इसी दौरान दोनों महिलाएं बस से उतरकर हाईवे के दूसरी ओर जाने के लिए सड़क पार कर रही थीं। तभी धोरीमना से सांचौर की ओर जा रही तेज रफ्तार थार ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों महिलाएं उछलकर हाईवे के दोनों तरफ करीब 50 मीटर दूर जा गिरीं। गाड़ी उन्हें कुचलते हुए आगे निकल गई।
हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और सड़क पर काफी दूर तक खून फैल गया। स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस और एंबुलेंस को सूचना दी। एंबुलेंस की मदद से दोनों घायलों को धोरीमना अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पुलिस के मुताबिक दोनों महिलाओं के सिर में गंभीर चोटें थीं और हाथ-पैर भी टूटे हुए थे।
सूचना मिलने पर धोरीमना थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया गया। पुलिस टोल प्लाजा और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाल रही है, ताकि फरार थार वाहन और उसके चालक की पहचान की जा सके। मामले की जांच जारी है।