दिल्ली से लॉन्च हुई भारत टैक्सी, बिना सर्ज प्राइसिंग मिलेगी कार, ऑटो और बाइक सेवा
दिल्ली से शुरू हुई भारत टैक्सी सेवा में कार, ऑटो व बाइक विकल्प, बिना सर्ज प्राइसिंग और बेहतर सुरक्षा सुविधा।
देश में टैक्सी सेवाओं के क्षेत्र में एक नया और महत्वपूर्ण बदलाव देखने को मिला है। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने आज दिल्ली से ‘भारत टैक्सी’ सेवा का शुभारंभ किया। यह नई सेवा मौजूदा ओला-उबर जैसे कॉरपोरेट ऐप आधारित टैक्सी मॉडल से अलग और ड्राइवर-केंद्रित मानी जा रही है। सरकार समर्थित इस पहल का उद्देश्य यात्रियों को किफायती और सुरक्षित परिवहन उपलब्ध कराना, साथ ही ड्राइवरों को स्थायी लाभ देना है।
कार, ऑटो और बाइक तीनों की सुविधा
भारत टैक्सी’ एप्लिकेशन के माध्यम से अब यात्रियों को कार, ऑटो और बाइक तीनों विकल्प एक ही प्लेटफॉर्म पर मिलेंगे। इससे छोटे और बड़े शहरों में यात्रा के विकल्प बढ़ेंगे और लोगों को अपने बजट के अनुसार साधन चुनने की सुविधा मिलेगी। यह सेवा खास तौर पर उन क्षेत्रों में राहत देने वाली मानी जा रही है, जहां सार्वजनिक परिवहन सीमित है।
सुरक्षा पर विशेष जोर, SOS बटन की सुविधा
यात्रियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए ‘भारत टैक्सी’ ऐप में SOS बटन की सुविधा दी गई है। किसी भी आपात स्थिति में यात्री एक बटन दबाकर मदद प्राप्त कर सकेंगे। इसके अलावा, ड्राइवरों का सत्यापन और राइड ट्रैकिंग जैसी व्यवस्थाएं भी सुरक्षा को मजबूत बनाएंगी।
ड्राइवरों के लिए फायदेमंद मॉडल
‘भारत टैक्सी’ का सबसे बड़ा आकर्षण इसका ड्राइवर-फ्रेंडली सिस्टम है। इस प्लेटफॉर्म से जुड़े ड्राइवरों को ऐप के उपयोग के लिए प्रतिदिन केवल 30 रुपये की एक निश्चित फीस देनी होगी। इसके विपरीत, अन्य टैक्सी कंपनियां प्रत्येक राइड पर कमीशन काटती हैं, जिससे ड्राइवरों की आमदनी पर असर पड़ता है। इस नई व्यवस्था से ड्राइवरों को अपनी कमाई का बड़ा हिस्सा अपने पास रखने का मौका मिलेगा।
बिना सर्ज प्राइसिंग, ग्राहकों को राहत
ग्राहकों के लिए भी ‘भारत टैक्सी’ राहत लेकर आई है। इसमें सर्ज प्राइसिंग यानी पीक ऑवर्स में अधिक किराया वसूलने की व्यवस्था नहीं होगी। इससे यात्रियों को तय और किफायती दरों पर टैक्सी उपलब्ध हो सकेगी, चाहे समय कोई भी हो।‘भारत टैक्सी’ को-ऑपरेटिव मॉडल पर काम करेगी, जो अमूल जैसे सफल मॉडल से प्रेरित है। इसमें हर ड्राइवर, जिसे ‘सारथी’ कहा गया है, को-ऑपरेटिव के पाँच शेयरों का मालिक होगा। इसके साथ ही ड्राइवरों के लिए रिटायरमेंट सेविंग्स, ड्राइवर सपोर्ट सिस्टम और अन्य कल्याणकारी सुविधाएं भी जोड़ी गई हैं।