भारत माला हाईवे पर दर्दनाक हादसा: ऊंट से टकराई बाइक, युवक की मौत, दो घायल

बाड़मेर में भारत माला रोड पर ऊंट से टकराई बाइक, एक की मौत, मासूम समेत दो घायल।

Oct 31, 2025 - 12:31

बाड़मेर जिले के धनाऊ थाना क्षेत्र में भारत माला हाईवे पर गुरुवार रात दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। ईटादा गांव के पास एक बाइक ऊंट से टकरा गई, जिससे एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई जबकि मासूम समेत दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद बाड़मेर जिला अस्पताल रेफर किया गया है।

धनाऊ पुलिस के अनुसार, ईटादा निवासी बाबूलाल (25) पुत्र खजूराराम, नरेश कुमार (16) पुत्र खमीशाराम और सुरताराम (21) पुत्र गेनाराम अपने खेत से घर लौट रहे थे। रात करीब सात बजे भारत माला रोड पर अचानक ऊंट आ गया, जिससे बाइक उसकी टक्कर में बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। हादसे में बाबूलाल की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दोनों अन्य सवार उछलकर सड़क किनारे जा गिरे और घायल हो गए।

स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। धनाऊ पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा, जहां से उन्हें बाड़मेर रेफर कर दिया गया। पुलिस ने मृतक के शव को धनाऊ हॉस्पिटल की मोर्चरी में रखवाकर पोस्टमार्टम करवाया और परिजनों को सौंप दिया है।

धनाऊ थाने के एएसआई बाबूलाल ने बताया कि परिजनों की रिपोर्ट पर मामला दर्ज कर लिया गया है और जांच जारी है। हादसा गांव से करीब दो किलोमीटर पहले हुआ बताया जा रहा है।

Mahaveer Sankhlecha I am a reporter dedicated to delivering accurate news and meaningful stories to the public.