अरावली विवाद पर सीएम भजनलाल शर्मा का कांग्रेस पर तीखा हमला
अरावली पर्वतमाला पर सीएम भजनलाल शर्मा ने कांग्रेस को घेरा, कहा- अफवाहें फैलाकर जनता को गुमराह किया जा रहा है
राजस्थान की राजनीति में अरावली पर्वतमाला को लेकर एक बार फिर बयानबाजी तेज हो गई है। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कांग्रेस और पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत पर तीखा हमला बोलते हुए उन पर झूठी अफवाहें फैलाने का आरोप लगाया है। सीएम ने साफ शब्दों में कहा कि अरावली पर्वतमाला के साथ किसी भी तरह की छेड़छाड़ बर्दाश्त नहीं की जाएगी और सरकार इसके संरक्षण के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा कि अरावली के मुद्दे पर कांग्रेस जनता को भ्रमित करने का प्रयास कर रही है। उन्होंने पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत पर निशाना साधते हुए कहा कि वे अब केवल “ट्विटर मास्टर” बनकर रह गए हैं और उनका प्रभाव खत्म हो चुका है। सीएम ने सवाल उठाया कि वर्ष 2002-03 और 2009-10 के दौरान अरावली पर्वतमाला की परिभाषा किसने बदली और उस समय इस क्षेत्र में कितने खनन पट्टे जारी किए गए। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस सरकार ने अरावली क्षेत्र में पत्थर और रेत तक का अत्यधिक दोहन किया।
मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि कांग्रेस पहले भी नागरिकता संशोधन अधिनियम (सीएए) के दौरान अफवाहें फैलाती रही है, लेकिन इसके बावजूद सरकार ने कानून को सफलतापूर्वक लागू किया। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस नेता संविधान में बदलाव और एसआईआर जैसे मुद्दों पर गलत बयान देकर जनता को गुमराह करते हैं। सीएम ने दो टूक कहा कि राज्य में किसी भी घुसपैठिए को रहने नहीं दिया जाएगा।
पूर्ववर्ती कांग्रेस सरकार की कार्यशैली पर सवाल उठाते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि पिछली सरकार के कार्यकाल में कई पेपर लीक हुए, जबकि मौजूदा सरकार के दौरान एक भी पेपर लीक नहीं हुआ है। उन्होंने दावा किया कि बीते दो वर्षों में उनकी सरकार ने बेहतर शासन दिया है। जल संकट को लेकर सीएम ने कहा कि कांग्रेस केवल पानी लाने की बातें करती रही, जबकि वर्तमान सरकार जल योजनाओं को जमीन पर उतारने का काम कर रही है और इसके सकारात्मक परिणाम जल्द दिखाई देंगे।