पूर्व मंत्री के बेटे और उसके साथियों ने कांग्रेस नेता को लाठी - डंडों से पीटा, नाक, मुंह और पैर में आई चोटें
अलवर में पूर्व मंत्री हेमसिंह भड़ाना के बेटे और उसके साथियों ने यूथ कांग्रेस के प्रदेश सचिव संदीप ओला पर हमला बोल दिया। कांग्रेस नेता को पूर्व मंत्री और उसके साथियों ने लाठी डंडों से पीटा। ओला का अस्पताल में इलाज चल रहा है। वहीं पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच पड़ताल शुरू कर दी है।
अलवर जिले में गुरुवार दोपहर एक गंभीर घटना सामने आई, जहां यूथ कांग्रेस के प्रदेश सचिव संदीप ओला पर लाठी-डंडों से हमला किए जाने का मामला सामने आया है। बताया जा रहा है कि यह घटना शिवाजी पार्क थाना क्षेत्र में हसन खां पेट्रोल पंप के पास दोपहर करीब साढ़े बारह बजे हुई।
जानकारी के अनुसार संदीप ओला को पूर्व खाद्य एवं आपूर्ति मंत्री हेमसिंह भड़ाना के बेटे सुरेंद्र भड़ाना ने फोन कर बुलाया था। आरोप है कि मौके पर पहले से मौजूद करीब 20 युवकों के साथ मिलकर सुरेंद्र भड़ाना ने संदीप ओला के साथ मारपीट की। हमलावर लाठी-डंडों और नुकीले लोहे के हथियार से लैस थे।
कार चालक ने पहुंचाया अस्पताल
मारपीट में संदीप ओला गंभीर रूप से घायल हो गए और मौके पर ही बेहोश हो गए। आरोपियों के फरार होने के बाद वहां से गुजर रहे एक कार चालक ने उन्हें जिला अस्पताल पहुंचाया। फिलहाल संदीप ओला का इलाज जिला अस्पताल के ट्रॉमा वार्ड में चल रहा है। डॉक्टरों के अनुसार उनके नाक, मुंह और पैर में चोटें आई हैं।
मामला दर्ज
शिवाजी पार्क थाना प्रभारी चंद्रशेखर शर्मा ने बताया कि मामले में मारपीट से संबंधित धाराओं में शिकायत दर्ज की गई है। पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और आरोपियों की भूमिका की जांच की जा रही है।
संदीप का आरोप ; शराब के लिए मांगे थे पैसे
घायल संदीप ओला ने बताया कि घटना से पहले वह अपने कमरे पर थे। तभी सुरेंद्र भड़ाना का फोन आया। आरोप है कि सुरेंद्र ने उनसे शराब पीने के लिए पैसे मांगे। मना करने पर सुरेंद्र ने अपने एक साथी से फोन करवाया और मकान किराए पर देखने की बात कहकर उन्हें हसन खां पेट्रोल पंप के पास बुलाया।
संदीप के अनुसार जब वे वहां पहुंचे तो सुरेंद्र अपने साथ कई युवकों को लेकर मौजूद था। दोबारा पैसे मांगने पर इनकार करने के बाद उन पर हमला कर दिया गया। मारपीट के दौरान उनका मोबाइल फोन भी टूट गया। आसपास के लोग जमा होने लगे तो आरोपी मौके से फरार हो गए।
सुरेंद्र का कहना ; पैसे नहीं लौटाने से हुआ विवाद
दूसरी ओर सुरेंद्र भड़ाना की ओर से दावा किया गया है कि संदीप ओला ने उनसे पहले पैसे लिए थे। जो लंबे समय से वापस नहीं किए गए थे। इसी बात को लेकर विवाद हुआ और हाथापाई की स्थिति बन गई।
बताया जा रहा है कि संदीप ओला पिछले आठ वर्षों से छात्र राजनीति में सक्रिय हैं। उन्हें जून 2025 में यूथ कांग्रेस का प्रदेश सचिव नियुक्त किया गया था। इससे पहले वे 2023 से 2025 तक NSUI से जुड़े रहे।
आरोपी सुरेंद्र भड़ाना पूर्व मंत्री हेमसिंह भड़ाना के बेटे हैं। हेमसिंह भड़ाना 2008 से 2018 तक थानागाजी विधानसभा क्षेत्र से भाजपा विधायक रह चुके हैं।
पुलिस सूत्रों के अनुसार सुरेंद्र भड़ाना के खिलाफ पहले से ही करीब पांच आपराधिक मामले दर्ज हैं। इसमें मारपीट, अपहरण और छेड़छाड़ से जुड़े मामले शामिल बताए जा रहे हैं। प्रारंभिक जांच में यह भी सामने आया है कि संदीप ओला और सुरेंद्र भड़ाना के बीच पिछले कुछ दिनों से आपसी विवाद चल रहा था।
फिलहाल, पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर कार्रवाई किए जाने की बात कही जा रही है।