ज्योति मिर्धा का बयान: विधायक स्टिंग मामला जनता के विश्वास से जुड़ा मुद्दा

ज्योति मिर्धा ने विधायक स्टिंग पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि सच साबित हुआ तो यह जनता के साथ विश्वासघात होगा।

Dec 22, 2025 - 16:39
ज्योति मिर्धा का बयान: विधायक स्टिंग मामला जनता के विश्वास से जुड़ा मुद्दा

राजस्थान की भाजपा सरकार के दो साल पूरे होने के अवसर पर जनकल्याणकारी योजनाओं को आम लोगों तक पहुंचाने के उद्देश्य से चलाए गए ‘मोबाइल एलईडी रथ’ अभियान का सोमवार को श्रीमाधोपुर में समापन हुआ। इस मौके पर आयोजित कार्यक्रम में भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष ज्योति मिर्धा मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद रहीं।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए ज्योति मिर्धा ने मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में सरकार के कामकाज की सराहना की। उन्होंने कहा कि मौजूदा सरकार ने पारदर्शिता और सुशासन को प्राथमिकता दी है। सिंचाई परियोजनाओं, नहरों के विस्तार और ग्रामीण विकास से जुड़े कार्यों का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि सरकार का लक्ष्य अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाना है। इस दौरान यूडीएच मंत्री झाबर सिंह खर्रा के विकास कार्यों की भी उन्होंने प्रशंसा की।

हाल ही में सामने आए विधायक रेवंतराम डांगा के कथित स्टिंग मामले पर प्रतिक्रिया देते हुए ज्योति मिर्धा ने कहा कि भाजपा भ्रष्टाचार के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति पर काम करती है। उन्होंने बताया कि यह मामला पार्टी की एथिक्स कमेटी के पास है और विधायक से जवाब मांगा गया है। कमेटी ने उन्हें 15 दिन का समय दिया है, जिसके बाद तथ्यों के आधार पर निर्णय लिया जाएगा।

मिर्धा ने कहा कि यदि वीडियो में दिखाई दे रहा मामला सही साबित होता है तो यह जनता के साथ बड़ा विश्वासघात होगा। उन्होंने यह भी कहा कि जब तक पूरा सच सामने नहीं आ जाता, तब तक किसी नतीजे पर पहुंचना उचित नहीं है। सच सामने आने के बाद ही पार्टी स्तर पर कार्रवाई होगी।

इस दौरान उन्होंने आरएलपी सुप्रीमो हनुमान बेनीवाल पर भी तीखा हमला बोला। मिर्धा ने उन्हें मौकापरस्त बताते हुए कहा कि उनका कोई स्थायी राजनीतिक स्टैंड नहीं है। उन्होंने आरोप लगाया कि बेनीवाल कभी भाजपा तो कभी कांग्रेस के साथ खड़े हो जाते हैं और स्वार्थ पूरा होते ही दूरी बना लेते हैं। मिर्धा ने कहा कि जनता अब ऐसी राजनीति को समझ चुकी है और ऐसे नेताओं को गंभीरता से नहीं लेती।