पूर्वी राजस्थान बनेगा पर्यटन हब: मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने दिए विकास कार्य तेज करने के निर्देश

मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने पूर्वी राजस्थान में पर्यटन, सड़क और धार्मिक स्थलों के विकास को लेकर अहम निर्देश दिए।

Feb 15, 2026 - 09:27
पूर्वी राजस्थान बनेगा पर्यटन हब: मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने दिए विकास कार्य तेज करने के निर्देश

मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने शनिवार को मुख्यमंत्री निवास पर एक उच्च स्तरीय बैठक की। बैठक में पूर्वी राजस्थान क्षेत्र में चल रहे और प्रस्तावित विकास कार्यों की समीक्षा की गई। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि क्षेत्र की पर्यटन क्षमता को ध्यान में रखते हुए योजनाबद्ध तरीके से काम किया जाए, ताकि स्थानीय अर्थव्यवस्था को गति मिल सके और रोजगार के नए अवसर बनें।

मुख्यमंत्री ने सवाईमाधोपुर स्थित रणथम्भौर राष्ट्रीय उद्यान के साथ-साथ पालीघाट एवं भरतपुर के केवलादेव राष्ट्रीय उद्यान को पर्यटन के प्रमुख केंद्र के रूप में विकसित करने पर जोर दिया। इसके अलावा भरतपुर के लोहागढ़ किला और अन्य नए पर्यटन स्थलों की संभावनाएं तलाशने के निर्देश भी दिए गए। मुख्यमंत्री ने कहा कि इन स्थलों पर सुविधाएं बढ़ाने से देश-विदेश के पर्यटकों की संख्या में वृद्धि होगी। बैठक में धार्मिक पर्यटन के विकास पर भी विस्तार से चर्चा हुई। मुख्यमंत्री ने ब्रज चौरासी कोस, कैलादेवी झील का बाड़ा और गिरिराज जी परिक्रमा मार्ग पर आने वाले श्रद्धालुओं के लिए उच्च स्तरीय सुविधाएं विकसित करने के निर्देश दिए। इनमें बेहतर सड़कें, विश्राम स्थल, पेयजल, शौचालय और सूचना केंद्र शामिल हैं, ताकि श्रद्धालुओं को सुगम और सुरक्षित अनुभव मिल सके।

मुख्यमंत्री ने क्षेत्र में प्रगतिरत सड़क कार्यों, फ्लाईओवर, ड्रेनेज और सीवरेज परियोजनाओं की प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि इन कार्यों में तेजी लाई जाए और गुणवत्ता से कोई समझौता न हो। समयबद्ध पूर्णता पर विशेष जोर दिया गया। बैठक में गृह राज्यमंत्री जवाहर सिंह बेढ़म, ओंकार सिंह लखावत (अध्यक्ष, राजस्थान धरोहर प्राधिकरण), विधायक नौक्षम सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे। अन्य जनप्रतिनिधि और अधिकारी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से जुड़े। बैठक के अंत में मुख्यमंत्री ने सभी विभागों को आपसी समन्वय से काम करने के निर्देश दिए।