मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के निर्देश पर डिस्कॉम्स के नवाचार, 20 दिन में 37 हजार से अधिक नए बिजली कनेक्शन

राजस्थान में 1 से 20 अक्टूबर तक अभियान चलाकर 37,251 घरेलू बिजली कनेक्शन जारी, स्टार रेटिंग सिस्टम शुरू।

Oct 25, 2025 - 18:05
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के निर्देश पर डिस्कॉम्स के नवाचार, 20 दिन में 37 हजार से अधिक नए बिजली कनेक्शन

मुख्यमंत्री श्री भजनलाल शर्मा की मंशा के अनुरूप प्रदेश में आमजन को गुणवत्तापूर्ण एवं सुगम बिजली आपूर्ति उपलब्ध कराने के लिए डिस्कॉम्स लगातार नवाचार कर रहे हैं। मुख्यमंत्री के निर्देश पर शुरू हुए इस प्रयास के तहत राज्यभर में विद्युत सेवाओं को उपभोक्ता अनुकूल और जवाबदेह बनाने की दिशा में उल्लेखनीय प्रगति हुई है।

राज्य के तीनों डिस्कॉम्स—जयपुर, अजमेर और जोधपुर—ने 1 से 20 अक्टूबर 2025 के बीच विशेष अभियान चलाकर 37,251 नए घरेलू बिजली कनेक्शन जारी किए हैं। इनमें जयपुर डिस्कॉम ने 17,373, अजमेर डिस्कॉम ने 15,433, और जोधपुर डिस्कॉम ने 4,445 कनेक्शन जारी किए।

ऊर्जा राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) हीरालाल नागर के मार्गदर्शन में चलाए गए इस अभियान में लंबित प्रकरणों की दस्तावेजी जांच, साइट वेरीफिकेशन, और डिमांड नोट जारी करने की प्रक्रिया को तेजी से पूरा किया गया। साथ ही डिस्कॉम मुख्यालयों द्वारा सभी भंडार शाखाओं में आवश्यक लाइन सामग्री की उपलब्धता सुनिश्चित की गई।

🔸 फीडबैक सिस्टम में नया नवाचार – “स्टार रेटिंग”

उपभोक्ता अनुभव को और बेहतर बनाने के लिए जयपुर डिस्कॉम ने “स्टार रेटिंग फीडबैक सिस्टम” शुरू किया है। इस सिस्टम के तहत नया घरेलू कनेक्शन मिलने के बाद उपभोक्ता को मोबाइल पर ‘बिजली मित्र’ ऐप डाउनलोड करने का एसएमएस भेजा जाएगा।

ऐप खोलने के बाद उपभोक्ता अपने K नंबर डालकर कनेक्शन प्रक्रिया पर 1 से 5 स्टार तक की रेटिंग दे सकेंगे। इस फीडबैक की हर माह समीक्षा की जाएगी, जिससे अधिकारियों की कार्यप्रणाली की मॉनीटरिंग और डिस्कॉम्स की रैंकिंग तय की जा सकेगी।

इसके अलावा, जयपुर डिस्कॉम ने हेल्पलाइन 181 के माध्यम से भी उपभोक्ताओं से सीधे फीडबैक लिया। 1 अप्रैल से 15 अगस्त 2025 के बीच 75,746 उपभोक्ताओं को कॉल कर उनके अनुभव दर्ज किए गए।

मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में प्रदेश में बिजली सेवाओं को डिजिटल, पारदर्शी और उपभोक्ता-केंद्रित बनाने की दिशा में यह पहल राजस्थान के ऊर्जा क्षेत्र में एक महत्वपूर्ण कदम साबित हो रही है।

Mahaveer Sankhlecha I am a reporter dedicated to delivering accurate news and meaningful stories to the public.