बिजली चोरी की जांच पर महिलाओं का हमला: जोधपुर डिस्कॉम टीम को लाठियों से पीटा, वीडियो वायरल

जोधपुर के झीपासनी गांव में बिजली चोरी की जांच करने गई जोधपुर डिस्कॉम की सतर्कता टीम पर उपभोक्ता धन्नाराम के परिवार ने लाठियों से हमला कर दिया। घटना में घर की महिलाएं (पत्नी और पुत्रवधु) मुख्य रूप से लाठी चलाते दिखीं।

Jan 8, 2026 - 15:54
बिजली चोरी की जांच पर महिलाओं का हमला: जोधपुर डिस्कॉम टीम को लाठियों से पीटा, वीडियो वायरल

जोधपुर। राजस्थान के जोधपुर जिले में बिजली चोरी की जांच करने गई जोधपुर डिस्कॉम की सतर्कता टीम पर घरेलू उपभोक्ता के परिवार ने हमला कर दिया। घटना झीपासनी गांव की बताई जा रही है, जहां टीम मीटर और केबल जब्त करने की कार्रवाई कर रही थी। इस दौरान घर की महिलाओं सहित परिवार के सदस्यों ने लाठियों से टीम पर हमला बोल दिया। पूरी घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें महिलाएं टीम के सदस्यों को पीटते और भगाते दिख रही हैं।

घटना गुरुवार को हुई। जोधपुर डिस्कॉम के जूनियर इंजीनियर (जेर्इ) कमल किशोर भाटी की रिपोर्ट के अनुसार, वे सहायक अभियंता इंद्रोका के साथ जितेंद्र खोजा, सुनील कुमार और एफआरटी कर्मचारी पुखराज चौधरी के साथ झीपासनी गांव में धन्नाराम के घर बिजली चोरी की जांच के लिए पहुंचे थे। जांच में बिजली चोरी पकड़ी गई। टीम ने वीडियो रिकॉर्डिंग कर मीटर और केबल जब्त करने की कार्रवाई शुरू की तो धन्नाराम, उनकी पत्नी, पुत्रवधु और भाई ने लाठियों से सभी कर्मियों पर हमला कर दिया।

हमले में टीम के सदस्यों को चोटें आईं। गाली-गलौज के साथ राजकार्य में बाधा पहुंचाई गई। कर्मचारी बड़ी मुश्किल से जान बचाकर मौके से भागे। वायरल वीडियो में साफ दिख रहा है कि महिलाएं लाठी-डंडों से टीम को मार रही हैं और पुरुष सदस्य भी साथ दे रहे हैं।जेर्इ कमल किशोर भाटी ने करवड़ थाने में धन्नाराम और उसके परिवार के सदस्यों के खिलाफ मारपीट, गाली-गलौज और राजकार्य में बाधा उत्पन्न करने का मुकदमा दर्ज कराया है। करवड़ थानाधिकारी परमेश्वरी ने बताया कि पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। वायरल वीडियो के आधार पर आरोपियों की पहचान की जा रही है और जल्द ही उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

यह घटना ग्रामीण क्षेत्रों में बिजली चोरी रोकने की कार्रवाई के दौरान सरकारी कर्मचारियों पर बढ़ते हमलों को उजागर करती है। जोधपुर डिस्कॉम अधिकारियों का कहना है कि ऐसी घटनाएं टीम के मनोबल को प्रभावित करती हैं, लेकिन बिजली चोरी के खिलाफ कार्रवाई जारी रहेगी। पुलिस ने कानून-व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई का आश्वासन दिया है।