बाड़मेर पुलिस की बड़ी सफलता: बंद मकान से लाखों की चोरी का खुलासा, दो चोरों सहित तीन गिरफ्तार
कोतवाली पुलिस ने एक महीने पुरानी सनसनीखेज चोरी की वारदात का पर्दाफाश करते हुए दो शातिर चोरों और चोरी के आभूषण खरीदने वाले एक सर्राफ को गिरफ्तार किया है।
बाड़मेर। कोतवाली पुलिस ने एक महीने पुरानी सनसनीखेज चोरी की वारदात का पर्दाफाश करते हुए दो शातिर चोरों और चोरी के आभूषण खरीदने वाले एक सर्राफ को गिरफ्तार किया है। आरोपियों से चोरी की बाइक, सोने जैसी एक अंगूठी और चांदी जैसे धातुनुमा दो सिक्केनुमा बिस्कुट बरामद किए गए हैं। पुलिस अन्य चोरियों के संबंध में भी गहन पूछताछ कर रही है।
पुलिस अधीक्षक नरेंद्र सिंह मीना ने बताया कि बाड़मेर शहर के जूना किराडू मार्ग निवासी नरेश कुमार पुत्र रतनलाल ने 4 दिसंबर 2025 को कोतवाली थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। रिपोर्ट में उन्होंने बताया कि उनके रहवासी मकान में चोर ताला तोड़कर घुसे और सोने-चांदी के आभूषणों के साथ नकदी चुराकर फरार हो गए। इस रिपोर्ट पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की।
एसपी मीना के निर्देश पर कोतवाली थानाधिकारी मनोज कुमार और डीएसटी टीम प्रभारी आदेश कुमार के नेतृत्व में विशेष टीमों का गठन किया गया। टीम ने तकनीकी जांच और मुखबिरों की सूचना के आधार पर बाड़मेर शहर, सिरीयारी, मारवाड़ जंक्शन (जोधपुर) समेत कई संभावित ठिकानों पर छापेमारी की। मेहनत रंग लाई और पुलिस ने मुख्य आरोपियों को दबोच लिया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अणदनाथ पुत्र मोहननाथ (निवासी राणावास सुगनों की ढाणी, सिरीयारी, पाली; वर्तमान में पीजी कॉलेज के पास, बाड़मेर) और दिनेश नाथ पुत्र सरदारनाथ (निवासी राणावास सुगनों की ढाणी, सिरीयारी, पाली; वर्तमान में रेलवे ग्राउंड, गांधीनगर, बाड़मेर) के रूप में हुई है।आरोपियों से सख्ती से पूछताछ करने पर चोरी के आभूषणों का पता चला। उनकी निशानदेही पर राणावास पुलिसाना सिरीयारी (पाली) से चांदी जैसे धातुनुमा दो सिक्केनुमा बिस्कुट बरामद किए गए।
साथ ही चोरी के आभूषण खरीदने वाले जगदीश प्रसाद पुत्र पूर्णमल (निवासी कुम्हारों का वास, राणीवास) को भी गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने सोने जैसी एक अंगूठी भी बरामद की है। घटना में इस्तेमाल की गई मोटरसाइकिल को जब्त कर लिया गया है।
पुलिस का कहना है कि आरोपी अंतरराज्यीय या अंतरजिला स्तर पर सक्रिय हो सकते हैं। उनसे अन्य चोरी की वारदातों का भी खुलासा होने की संभावना है। फिलहाल पूछताछ जारी है और जल्द ही और बरामदगी की उम्मीद जताई जा रही है।