सांसद राजकुमार रोत को सोशल मीडिया पर मिली जान से मारने की धमकी: आरोपी गिरफ्तार,

बांसवाड़ा-डूंगरपुर से बीएपी सांसद राजकुमार रोत को 7 अक्टूबर, 2025 को उदयपुर में आदिवासियों के मुद्दों पर लाइव प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान सोशल मीडिया पर जान से मारने की धमकी मिली। आरोपी चन्द्रवीर सिंह परिहार (65), बांसवाड़ा निवासी, ने शराब के नशे में धमकी भरा कमेंट पोस्ट किया,

Oct 11, 2025 - 15:49
सांसद राजकुमार रोत को सोशल मीडिया पर मिली जान से मारने की धमकी: आरोपी गिरफ्तार,
इमेज सोशल मीडिया से लिया गया है

भारत आदिवासी पार्टी (बीएपी) के बांसवाड़ा-डूंगरपुर सांसद राजकुमार रोत को सोशल मीडिया पर लाइव स्ट्रीमिंग के दौरान जान से मारने की धमकी देने वाले 65 वर्षीय आरोपी चन्द्रवीर सिंह परिहार को उदयपुर पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। मामला उदयपुर के साइबर पुलिस थाने में दर्ज हुआ था। आरोपी ने पूछताछ में खुलासा किया कि उसने शराब के नशे में धमकी भरा कमेंट पोस्ट किया था, जिसे बाद में होश में आने पर डिलीट कर दिया था।

 घटना का ब्योरा

घटना 7 अक्टूबर, 2025 की है, जब सांसद राजकुमार रोत उदयपुर में आदिवासियों के मुद्दों पर एक लाइव प्रेस कॉन्फ्रेंस कर रहे थे। इस दौरान सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर उनकी लाइव स्ट्रीमिंग में चन्द्रवीर सिंह नाम के एक यूजर ने आपत्तिजनक और धमकी भरा कमेंट पोस्ट किया। कमेंट में लिखा था: "जो कोई सांसद राजकुमार रोत को गोली मारे, मैं उसे 1 करोड़ रुपए इनाम दूंगा।" इसके साथ ही, पोस्ट में अभद्र भाषा का उपयोग करते हुए सांसद रोत को ईसाई और अमेरिका से आया हुआ बताकर राजस्थान में सामाजिक सौहार्द बिगाड़ने का आरोप लगाया गया था।

आरोपी की पोस्ट का पूरा विवरण इस प्रकार था:

"हमारे राजस्थान के अंदर सर्व समाज मिलजुल कर रहता था। यह #&$ (गाली) का #$& एक क्रिश्चियन है। यह अमेरिका से आया हुआ है। इसने हमारे राजस्थान की #$& और जो कोई आदमी इसको गोली मारे मैं उसको एक करोड़ रुपए इनाम दूंगा। इसको गोली मारना बहुत जरूरी है।"

पुलिस की त्वरित कार्रवाई

सांसद राजकुमार रोत की शिकायत पर उदयपुर के साइबर पुलिस थाने में मामला दर्ज किया गया। गिर्वा डीएसपी सूर्यवीर सिंह के नेतृत्व में उदयपुर और डूंगरपुर की साइबर पुलिस टीम ने तकनीकी जांच के आधार पर आरोपी को चिह्नित किया। इसके बाद, पुलिस ने चन्द्रवीर सिंह परिहार (65), निवासी धूल जी का गडा, लोहारिया, बांसवाड़ा, को गिरफ्तार कर लिया। 

आरोपी का कबूलनामा

पुलिस पूछताछ में चन्द्रवीर सिंह ने स्वीकार किया कि उसने सोशल मीडिया पर सांसद राजकुमार रोत के खिलाफ कुछ पोस्ट देखी थीं, जिनमें उन्हें ईसाई होने और सर्व समाज का माहौल खराब करने का आरोप लगाया गया था। इन पोस्ट से प्रभावित होकर उसने शराब के नशे में धमकी भरा कमेंट पोस्ट कर दिया, जिसमें रोत को गोली मारने की बात कही गई थी। हालांकि, होश में आने पर उसे अपनी गलती का अहसास हुआ और उसने तुरंत कमेंट डिलीट कर दिया।

डीएसपी का बयान।

गिर्वा डीएसपी सूर्यवीर सिंह ने बताया कि साइबर पुलिस ने साक्ष्यों और तकनीकी जांच के आधार पर आरोपी को पकड़ा। उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया पर धमकी भरी पोस्ट और अभद्र भाषा का उपयोग न केवल कानूनन अपराध है, बल्कि यह सामाजिक सौहार्द को भी नुकसान पहुंचाता है। पुलिस ने इस मामले में कड़ी कार्रवाई की है और साइबर अपराधों पर नजर रखने के लिए सतर्कता बरती जा रही है।