भारतमाला हाईवे पर तेज रफ्तार ट्रेलर ने 8 को रौंदा, 4 की दर्दनाक मौत, अन्य गंभीर घायल

बीकानेर जिले के नापासर थाना क्षेत्र में भारतमाला हाईवे पर हुए भीषण सड़क हादसे में चार लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक महिला समेत चार अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। सड़क पर पलटे ऑटो को हटाने के दौरान तेज रफ्तार ट्रेलर ने खड़े ऑटो और पिकअप को टक्कर मार दी। हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। घायलों को बीकानेर ट्रॉमा सेंटर रेफर किया गया है।

Jan 2, 2026 - 16:54
भारतमाला हाईवे पर तेज रफ्तार ट्रेलर ने 8 को रौंदा, 4 की दर्दनाक मौत, अन्य गंभीर घायल
ट्रेलर ने पिकअप और ऑटो को मारी टक्कर

बीकानेर जिले के नापासर थाना क्षेत्र में भारतमाला हाईवे पर एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। हादसे में चार लोगों की मौत हो गई। जबकि एक महिला समेत चार अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए।

जानकारी के अनुसार हाईवे पर एक ऑटो पलट गया था। ऑटो में सवार लोग और अन्य वाहन चालक उसे सड़क से हटाने का प्रयास कर रहे थे। इसी दौरान तेज रफ्तार से आ रहे ट्रेलर ने सड़क किनारे खड़े ऑटो और पिकअप वाहन को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि मौके पर चीख-पुकार मच गई।

हादसे में 4 की दर्दनाक मौत

हादसे में राजूराम पुत्र रामप्रसाद जाट निवासी लूणासर (चूरू),सुनील पुत्र लिछूराम गोदारा निवासी बादड़िया (चूरू),सुनील पुत्र भंवरलाल बिश्नोई निवासी रासीसर (बीकानेर) और राजेश पुत्र पूरणमल जांगिड़ निवासी झीनी (झुंझुनूं) की मौत हो गई।

महिला समेत चार घायल

हादसे में जोधपुर के सालावास निवासी इंद्र सिंह, चूरू के राजलवाड़ा निवासी ताराचंद, बादड़िया निवासी परमेश्वर और पूजा पत्नी राजेश जांगिड़ घायल हो गए। सभी घायलों को गंभीर हालत में बीकानेर ट्रॉमा सेंटर रेफर किया गया है, जहां इलाज जारी है।

कैसे हुआ हादसा, घायल की जुबानी

घायल इंद्र सिंह ने बताया कि वह गांधी नगर की तरफ से आ रहा था। हाईवे पर ऑटो पलटा हुआ था। ऑटो चालक ने लाइट दी तो वे रुक गए और ऑटो को उठाने का प्रयास कर रहे थे। तभी तेज रफ्तार ट्रेलर ने टक्कर मार दी। इंद्र सिंह ने बताया कि वहां दो-तीन गाड़ियां खड़ी थीं, जो ट्रेलर की चपेट में आ गईं। टक्कर के बाद वह उछलकर डिवाइडर की तरफ गिर गया, जिससे उसकी जान बच गई।

पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शवों को मोर्चरी में रखवाया और मामले की जांच शुरू कर दी है। ट्रेलर चालक हादसे के बाद मौके से फरार हो गया, जिसकी तलाश की जा रही है।

Ashok Daiya I have been actively involved in journalism for the last 10 years in Barmer district of western Rajasthan. I will try to cover news from not only Barmer but every region of Rajasthan... whether it is crime or politics, social or public issues... I will try to connect with every news.