वसुंधरा राजे की चेतावनी, फ़ोन नहीं उठाने वाले अफ़सर भुगतेंगे परिणाम, कार्यकर्ता हमारे ब्रांड एंबेसडर

बीजेपी संगठनात्मक कार्यशाला में वसुंधरा राजे और सीएम भजनलाल ने कार्यकर्ताओं की भूमिका और विकास कार्यों पर दिया जोर।

Jan 3, 2026 - 22:05
वसुंधरा राजे की चेतावनी, फ़ोन नहीं उठाने वाले अफ़सर भुगतेंगे परिणाम, कार्यकर्ता हमारे ब्रांड एंबेसडर

भारतीय जनता पार्टी की प्रदेश संगठनात्मक कार्यशाला में पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे ने कार्यकर्ताओं की भूमिका को पार्टी की असली ताकत बताया। उन्होंने साफ शब्दों में कहा कि बूथ अध्यक्ष, मंडल अध्यक्ष और जिलाध्यक्ष पार्टी के एम्बेसडर हैं। जनता से जुड़े काम उनके हस्ताक्षर से होने चाहिए और अधिकारी एक घंटे के भीतर उनका फोन उठाकर समस्याओं का समाधान करें। ऐसा नहीं होने पर परिणाम भुगतने के लिए तैयार रहना होगा।

कार्यकर्ता के बिना पार्टी प्राणहीन: वसुंधरा राजे

कार्यशाला को संबोधित करते हुए वसुंधरा राजे ने कहा कि भाजपा कार्यकर्ता के बिना प्राणहीन है। पार्टी की मजबूती के लिए कार्यकर्ता को मजबूत करना बेहद जरूरी है। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ता की आवाज ही प्रधानमंत्री की आवाज है और यह आवाज हमेशा बुलंद रहनी चाहिए। कार्यकर्ताओं की उपेक्षा किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी।राजे ने कार्यकर्ताओं की मेहनत को याद करते हुए कहा कि एक समय था जब देश के हर कोने में कांग्रेस का वर्चस्व था, लेकिन आज चारों तरफ भाजपा दिखाई देती है। यह कार्यकर्ताओं की तपस्या का नतीजा है, जिन्होंने भूख-प्यास की परवाह किए बिना कमल खिलाने का काम किया।

पीएम मोदी और सीएम भजनलाल को बधाई

पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे ने भारत के विश्व की चौथी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बनने पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को बधाई दी। साथ ही राजस्थान सरकार के दो वर्ष पूरे होने पर मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा को भी शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि यह उपलब्धियां सुशासन और निरंतर मेहनत का परिणाम हैं।

विकास कार्यों को जनता तक पहुंचाने का आह्वान

कांस्टीट्यूशनल क्लब में आयोजित कार्यशाला के उद्घाटन सत्र में मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कार्यकर्ताओं को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ता जनता के सामने छाती ठोककर कहें कि सरकार ने विकास के काम किए हैं और किसी भी प्रकार का गलत कार्य नहीं किया है।सीएम ने कहा कि यदि पिछली सरकार के पांच वर्षों और वर्तमान सरकार के दो वर्षों के कामकाज की निष्पक्ष तुलना की जाए तो अंतर साफ नजर आता है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से सरकार की उपलब्धियों को जन-जन तक पहुंचाने की अपील की।

पांच सत्रों में हुआ संगठनात्मक मंथन

बीजेपी की इस संगठनात्मक कार्यशाला में कुल पांच सत्र आयोजित किए गए। उद्घाटन सत्र को मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा और भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ ने संबोधित किया। इसके बाद आयोजित सत्र में राष्ट्रीय सह-संगठन महामंत्री शिव प्रकाश ने संगठन की मजबूती और कार्यप्रणाली पर अपने विचार रखे।

विशेषज्ञों ने दिए संगठनात्मक सुझाव

कार्यशाला के दौरान दो अन्य सत्र भी आयोजित हुए, जिनमें अलग-अलग विशेषज्ञों ने संगठनात्मक विषयों पर मार्गदर्शन दिया। इन सत्रों में कार्यकर्ताओं को बूथ स्तर पर संगठन को मजबूत करने, जनसंपर्क बढ़ाने और सरकार की योजनाओं को प्रभावी ढंग से लोगों तक पहुंचाने के उपाय बताए गए।

एकजुट होकर काम करने की नसीहत

कार्यशाला के समापन सत्र को भाजपा के राष्ट्रीय संगठन महामंत्री बीएल संतोष ने संबोधित किया। उन्होंने पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं को एकजुट होकर काम करने की नसीहत दी। उन्होंने कहा कि संगठन की ताकत सामूहिक प्रयासों में है और इसी एकजुटता से पार्टी अपने लक्ष्यों को हासिल कर सकती है।