ग्रामीणों से बदसलूकी का मामला: गाली-गलौज और धमकी देने वाले ठेकेदार पर FIR दर्ज

बाड़मेर जिले के शिव विधानसभा क्षेत्र में मति का गोल गांव की संपर्क सड़क के घटिया निर्माण को लेकर ठेकेदार भवानी सिंह तेजमालता और ग्रामीणों (कुमावत/प्रजापत समाज) के बीच 20 दिसंबर को विवाद हुआ। ठेकेदार ने कथित रूप से जातिगत गालियां दीं और जान से मारने की धमकी दी

Dec 27, 2025 - 12:25
ग्रामीणों से बदसलूकी का मामला: गाली-गलौज और धमकी देने वाले ठेकेदार पर FIR दर्ज

बाड़मेर। शिव विधानसभा क्षेत्र में सड़क निर्माण की घटिया गुणवत्ता को लेकर ठेकेदार और ग्रामीणों के बीच चले विवाद ने अब तूल पकड़ लिया है। मति का गोल गांव में संपर्क सड़क के खराब कार्य से नाराज ग्रामीणों ने 20 दिसंबर को ठेकेदार भवानी सिंह तेजमालता से शिकायत की थी। इस दौरान ठेकेदार ने कथित तौर पर ग्रामीणों को जातिगत गालियां दीं और जान से मारने की धमकी दी। विवाद बढ़ने पर कुमावत (प्रजापत) समाज ने एकजुट होकर विरोध जताया और शिव थाने तक पैदल मार्च निकाला। समाज ने ठेकेदार की फर्म को ब्लैक लिस्ट करने की मांग की

थाने में दर्ज हुई रिपोर्ट

शिव थानाधिकारी सत्यप्रकाश ने बताया कि कुम्हार समाज के भूराराम और अन्य लोगों ने ठेकेदार भवानी सिंह के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है। रिपोर्ट में आरोप लगाया गया है कि ठेकेदार ने सामाजिक सौहार्द बिगाड़ने, जातिगत दुर्भावना फैलाने और वैमनस्य पैदा करने के इरादे से गाली-गलौज की। साथ ही 150 गांवों से लोगों को बुलाकर जान से मारने की धमकियां दीं। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

समाज का जोरदार प्रदर्शन

शुक्रवार शाम को प्रजापत छात्रावास में बड़ी संख्या में कुमावत समाज के लोग एकत्र हुए। यहां घटनाक्रम पर चिंता जताते हुए ठेकेदार के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की गई। इसके बाद एसडीएम मुख्यालय से शिव थाने तक सैकड़ों लोगों ने पैदल मार्च निकाला। थाने के सामने प्रदर्शन किया और तहसीलदार को कलेक्टर व मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा। प्रदर्शन में बलराम प्रजापत, भाजपा महामंत्री देवीलाल कुमावत, दीनदयाल, दाऊराम कुमावत, मोहनलाल गूंगा, रतनलाल, भगवानाराम, नेमाराम सहित समाज के सैकड़ों लोग शामिल हुए।

सांसद उम्मेदाराम बेनीवाल का बयान

बाड़मेर-जैसलमेर सांसद उम्मेदाराम बेनीवाल ने घटना को दुर्भाग्यपूर्ण करार दिया। उन्होंने कहा कि पीडब्ल्यूडी अधिकारियों के साथ ठेकेदार धमकी दे रहा है और नेताओं का रौब दिखा रहा है। सड़क सुपरविजन कमेटी लापरवाही बरत रही है, जिससे घटिया काम हो रहा है। विभाग को क्वालिटी चेक करनी चाहिए, लेकिन अधिकारी सो रहे हैं। ग्रामीणों ने जागरूकता दिखाकर विरोध किया, जो सराहनीय है। उन्होंने उच्चाधिकारियों से बात की है और सीएमओ व सीएस को पत्र लिखकर ठेकेदार व जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।

ठेकेदार ने जारी किया माफी वाला वीडियो

विरोध बढ़ता देख ठेकेदार भवानी सिंह ने सोशल मीडिया पर वीडियो जारी कर माफी मांगी। वीडियो में उन्होंने कहा कि 7 दिन पहले देवका ग्राम पंचायत में काम चल रहा था। शिकायत लेकर आए कुछ लोगों को संतुष्ट किया, लेकिन कुछ नहीं माने। आवेश में अगर अपशब्द निकले तो इसके लिए कुमावत समाज और छत्तीस कौम से माफी मांगता हूं।