क्रिकेट टूर्नामेंट बना गिरफ्तारी का मैदान: राजस्थान–एमपी में तस्करी फैलाने वाला 20 साल का तस्कर ANTF के हत्थे चढ़ा

राजस्थान और मध्यप्रदेश में मादक पदार्थों की तस्करी करने वाले 20 वर्षीय आरोपी को ANTF ने क्रिकेट टूर्नामेंट के दौरान गिरफ्तार किया। आरोपी क्रिकेट कोच के रूप में गांव में सक्रिय था और इसी शौक के जरिए पुलिस ने उसे ट्रैक कर दबोच लिया। आरोपी एमडी और डोडा पोस्ट की तस्करी में लंबे समय से शामिल था।

Jan 28, 2026 - 14:18
क्रिकेट टूर्नामेंट बना गिरफ्तारी का मैदान: राजस्थान–एमपी में तस्करी फैलाने वाला 20 साल का तस्कर ANTF के हत्थे चढ़ा

राजस्थान और मध्यप्रदेश के बीच मादक पदार्थों की तस्करी का जाल फैलाने वाले 20 वर्षीय शातिर तस्कर को एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (ANTF) राजस्थान ने गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है। खास बात यह रही कि आरोपी की गिरफ्तारी उस वक्त हुई जब वह गांव में चल रहे क्रिकेट टूर्नामेंट के दौरान खिलाड़ियों को ट्रेनिंग दे रहा था।

आरोपी मध्यप्रदेश के बड़वानी जिले का निवासी है, जो लंबे समय से राजस्थान में रहकर एमडी और डोडा पोस्ट की तस्करी कर रहा था। एमपी पुलिस को जब उसके प्रतापगढ़ में होने की सूचना मिली, तो राजस्थान ANTF से सहयोग मांगा गया। इसके बाद संयुक्त कार्रवाई की योजना बनाई गई।

जांच में सामने आया कि आरोपी शुरुआत में छोटे स्तर पर तस्करी करता था, लेकिन ज्यादा मुनाफे के लालच में उसने एमडी और डोडा पोस्ट की तस्करी शुरू कर दी। वह राजस्थान से मादक पदार्थ लेकर मध्यप्रदेश तक सप्लाई करता था और लंबे समय तक पुलिस की पकड़ से बाहर रहा।

एटीएस एवं एएनटीएफ राजस्थान के महानिरीक्षक पुलिस विकास कुमार ने बताया कि आरोपी का आपराधिक बैकग्राउंड भी सामने आया है। उसके पिता बादशाह खान एनडीपीएस एक्ट के मामले में पहले ही जेल जा चुके हैं। पारिवारिक आर्थिक स्थिति बिगड़ने के बाद आरोपी तस्करों के संपर्क में आया और अपराध की दुनिया में उतर गया।

पुलिस जांच में यह भी खुलासा हुआ कि आरोपी क्रिकेट का शौकीन है और स्थानीय युवाओं को कोचिंग देता था। इसी शौक ने आखिरकार उसे पुलिस तक पहुंचा दिया। जब कोटड़ी गांव और आसपास के क्षेत्रों में बड़े क्रिकेट टूर्नामेंट की सूचना मिली, तो पुलिस को अंदेशा हुआ कि आरोपी वहां जरूर आएगा।

मंगलवार को कोटड़ी गांव में चल रहे क्रिकेट टूर्नामेंट के दौरान जब आरोपी खिलाड़ियों को ट्रेनिंग दे रहा था, तभी ANTF चौकी प्रतापगढ़ और चित्तौड़गढ़ की टीमों ने उसे मौके पर धर दबोचा। गिरफ्तारी के बाद आरोपी को आगे की कार्रवाई के लिए संबंधित एजेंसियों को सौंप दिया गया है।